---Advertisement---

भारत की बड़ी वैज्ञानिक कामयाबी! भोपाल के वैज्ञानिकों ने बनाई दुनिया की पहली H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन, सिर्फ 1-2 रुपये होगी एक डोज

बर्ड फ्लू वैक्सीन, H5N1 Vaccine, भोपाल समाचार, शिवराज सिंह चौहान, ICAR निषाद, स्वदेशी वैक्सीन, पोल्ट्री कारोबार, मध्य प्रदेश समाचार, भारतीय वैज्ञानिक, पशुपालन, आत्मनिर्भर भारत, भोपाल लैब
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

भोपाल के ICAR-निषाद वैज्ञानिकों ने H5N1 बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन बनाई। शिवराज सिंह चौहान ने किया लॉन्च, 300 करोड़ की लैब की घोषणा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में स्वदेशी वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित किया; पोल्ट्री कारोबार को मिलेगी बड़ी राहत, बर्ड फ्लू से मुर्गियों की मौत और किसानों के करोड़ों के नुकसान पर लगेगी रोक; भोपाल में 300 करोड़ की लागत से बनेगी अत्याधुनिक प्रयोगशाला

मृदुभाषी डेस्क, भोपाल। बर्ड फ्लू जैसी खतरनाक बीमारी से मुर्गियों और पोल्ट्री कारोबार को बचाने की दिशा में भारत ने बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि हासिल की है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वैज्ञानिकों ने H5N1 बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर ली है। खास बात यह है कि इस वैक्सीन की एक खुराक की कीमत महज 1 से 2 रुपये होगी। दावा किया जा रहा है कि H5N1 वेरिएंट के लिए यह दुनिया की पहली वैक्सीन है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित किया। यह वैक्सीन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (निषाद), भोपाल के वैज्ञानिकों ने तैयार की है। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा भी की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले इस वैक्सीन को दिल्ली से लॉन्च करने की योजना थी, लेकिन जब इसे बनाने वाले वैज्ञानिक भोपाल में हैं तो उन्होंने तय किया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि को भोपाल की धरती से ही देश को समर्पित किया जाएगा।

भोपाल के ICAR-निषाद वैज्ञानिकों ने H5N1 बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन बनाई। शिवराज सिंह चौहान ने किया लॉन्च, 300 करोड़ की लैब की घोषणा।

500 से ज्यादा बार फैल चुका है बर्ड फ्लू, लाखों मुर्गियों की गई जान

शिवराज सिंह चौहान ने बर्ड फ्लू के कारण देश में हुए नुकसान का जिक्र करते हुए बताया कि भारत में इस बीमारी का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था। उस समय करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर दफनाना पड़ा था।

इसके बाद वर्ष 2021 में करीब 9 लाख और इस वर्ष भी लगभग 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई। वर्ष 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं।

इस बीमारी के कारण पोल्ट्री कारोबार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। संक्रमण के पशुओं और मनुष्यों तक पहुंचने का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में कम कीमत वाली स्वदेशी वैक्सीन छोटे और मध्यम स्तर के मुर्गीपालकों के लिए भी बड़ी राहत साबित हो सकती है।

एक से दो रुपये में मिलेगी वैक्सीन की खुराक

इस वैक्सीन की सबसे बड़ी खासियत इसकी कम कीमत है। एक डोज की कीमत महज 1 से 2 रुपये बताई गई है। इससे छोटे मुर्गीपालक भी अपने पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों के टीकाकरण का खर्च आसानी से उठा सकेंगे।

अब तक बर्ड फ्लू के प्रकोप के दौरान मुर्गियों की बड़े पैमाने पर मौत और संक्रमण रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों से पोल्ट्री कारोबारियों को भारी नुकसान होता रहा है। स्वदेशी वैक्सीन के आने से बीमारी की रोकथाम में मदद मिलने और पोल्ट्री क्षेत्र को आर्थिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।

‘पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम’

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम की तरह हैं। खेती के साथ पशुपालन से किसानों को नियमित आमदनी मिलती है।

उन्होंने बताया कि पशुपालन का देश की GDP में करीब 14 प्रतिशत और पोल्ट्री क्षेत्र का लगभग 1 प्रतिशत योगदान है। पशुओं में फैलने वाली बीमारियों से देश को हर साल करीब 56 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होता है।

केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, खुरपका-मुंहपका बीमारी से 22 हजार करोड़, लंपी वायरस से 20 हजार करोड़, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ और पीपीआर बीमारी से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी टीकों के विकास से पशुपालकों और किसानों को होने वाले इस नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

विदेश में भारत को बदनाम करने वालों पर शिवराज का निशाना

वैक्सीन लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। बिना नाम लिए राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि विदेश जाकर अपने ही देश को बदनाम करने वालों को आज का भारत देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो लोग विदेशों में भारत के संविधान, संवैधानिक संस्थाओं, सेना और वैज्ञानिकों की क्षमता पर सवाल उठाते हैं, उन्हें देश के सामर्थ्य को कमतर आंकने का पाप नहीं करना चाहिए।

शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना महामारी के दौरान महज नौ महीने में दो स्वदेशी वैक्सीन तैयार की थीं। अब बर्ड फ्लू की वैक्सीन विकसित कर भारतीय वैज्ञानिकों ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दुनिया को भारत के वैज्ञानिकों की क्षमता और आत्मनिर्भरता देखनी चाहिए।

छुट्टियां छोड़कर वैज्ञानिकों ने की दिन-रात मेहनत

शिवराज सिंह चौहान ने वैक्सीन विकसित करने वाले वैज्ञानिकों के संघर्ष और समर्पण की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों ने महीनों तक शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना काम किया।

हाई-सिक्योरिटी लैब में काम करने के लिए उन्हें जैव सुरक्षा के बेहद कड़े प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ा। वैज्ञानिकों को घर जाने से पहले और वापस आने के बाद सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। रोजाना करीब 120 लीटर पानी से नहाने जैसे सख्त प्रोटोकॉल भी अपनाने पड़ते थे। शोध के दौरान वैज्ञानिक अपने घरों में पालतू पशु तक नहीं रख सकते थे।

केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. सहित वैज्ञानिकों की पूरी टीम को दिया।

147 करोड़ से ज्यादा मुफ्त टीके, लंपी पर भी मिली सफलता

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय टीकाकरण अभियानों की जानकारी भी दी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके तहत खुरपका-मुंहपका बीमारी से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त टीके लगाए जा चुके हैं। ब्रुसेलोसिस बीमारी पर नियंत्रण के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

शिवराज ने बताया कि वर्ष 2022 में लंपी बीमारी से देश में 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी। इसके बाद हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने लंपी प्रोवैकइंड वैक्सीन विकसित की।

भोपाल का निषाद संस्थान इससे पहले भी गंबेरो, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के टीके तैयार कर चुका है।

भोपाल बना पशु चिकित्सा अनुसंधान का बड़ा केंद्र

H5N1 बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन का विकास भोपाल के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। एक ओर यहां के वैज्ञानिकों ने कम कीमत वाली वैक्सीन तैयार कर देश के पोल्ट्री कारोबार को नई उम्मीद दी है, वहीं दूसरी ओर 300 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक प्रयोगशाला की घोषणा से पशु रोगों पर अनुसंधान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अब इस वैक्सीन के जरिए भारत के पोल्ट्री क्षेत्र को बर्ड फ्लू जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में नई शुरुआत हो सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a comment