---Advertisement---

लोकसभा में होंगी 850 सीटें! यूपी में 40, मध्य प्रदेश में 15 और छत्तीसगढ़ में 6 सीटें बढ़ने का अनुमान, जानिए किस राज्य को कितना फायदा

नए परिसीमन बिल को संसद में लाएगी केंद्र सरकार। बढेंगी लोकसभा की सीटें।
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

लोकसभा सीटें 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती हैं। जानिए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, महाराष्ट्र समेत सभी राज्यों में कितनी सीटें बढ़ने का अनुमान है।

मृदुभाषी डेस्क, नई दिल्ली। देश की राजनीति और संसद की तस्वीर आने वाले वर्षों में पूरी तरह बदल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी और परिसीमन से जुड़े अहम प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर करीब 815 हो सकती हैं। वहीं, संवैधानिक अधिकतम सीमा 850 सीटें रखने का प्रस्ताव है, जिसमें केंद्रशासित प्रदेशों की सीटें भी शामिल होंगी।

इस फैसले का सबसे बड़ा असर राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व पर पड़ेगा। प्रस्तावित फॉर्मूले के अनुसार सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120, मध्य प्रदेश की 29 से बढ़कर 43-44 और छत्तीसगढ़ की 11 से बढ़कर 16-17 हो सकती हैं।

मोदी केबिनेट लाएगी लोकसभा में सीटें बढ़ाने का बिल।
शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केबिनेट की बैठक हुई। -मृदुभाषी।

25 साल तक नहीं बदलेगा राज्यों का संसदीय प्रतिनिधित्व

सरकार की योजना के मुताबिक परिसीमन के बाद राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जा सकता है। इसका मकसद उन राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी को सुरक्षित रखना है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है।

खासतौर पर दक्षिण भारत के राज्यों को आशंका रही है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से उनकी लोकसभा में हिस्सेदारी घट सकती है। नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ाने का फॉर्मूला इसी चिंता को दूर करने की कोशिश माना जा रहा है।

उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा फायदा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बढ़ेंगी सीटें

प्रस्तावित बदलाव में सबसे ज्यादा लोकसभा सीटें उत्तर प्रदेश को मिल सकती हैं। यहां मौजूदा 80 सीटें बढ़कर करीब 120 हो जाएंगी। यानी राज्य को लगभग 40 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं। महाराष्ट्र में 48 से बढ़कर 72 और बिहार में 40 से बढ़कर 60 सीटें होने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में मौजूदा 29 सीटें बढ़कर 43 से 44 तक पहुंच सकती हैं। इस तरह प्रदेश में 14 से 15 अतिरिक्त सांसदों के लिए प्रतिनिधित्व का रास्ता खुल सकता है।

वहीं छत्तीसगढ़ में भी लोकसभा सीटों की संख्या 11 से बढ़कर 16 से 17 होने का अनुमान है। यानी यहां 5 से 6 सीटों की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे प्रदेश की संसद में राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व बढ़ेगा।

लोकसभा में बढ़ सकती हैं सीटें।
किस राज्य में कितनी सीटें बढ़ने की संभावना। -मृदुभाषी।

दक्षिण भारत की हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने की कोशिश

परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों की सबसे बड़ी चिंता लोकसभा में उनकी मौजूदा राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर रही है। तमिलनाडु में अभी 39 सीटें हैं, जो बढ़कर लगभग 59 हो सकती हैं। कर्नाटक की सीटें 28 से बढ़कर 42, आंध्र प्रदेश की 25 से बढ़कर 38 और तेलंगाना की 17 से बढ़कर 26 हो सकती हैं।

केरल में भी सीटों की संख्या 20 से बढ़कर 30 होने का अनुमान है।

सरकार का तर्क है कि इस फॉर्मूले से दक्षिण भारत के राज्यों की कुल हिस्सेदारी लगभग 24 प्रतिशत के आसपास बनी रहेगी। इससे जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान नहीं होगा।

महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण, 2029 से लागू करने की तैयारी

लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी का एक प्रमुख उद्देश्य महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना भी है। सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि संसद ने सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसमें महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रावधान है। हालांकि, इसके क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया था।

नए प्रस्ताव के तहत इस प्रक्रिया में बदलाव कर आरक्षण को जल्द लागू करने की कोशिश की जा रही है। यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि बढ़ने वाली सभी 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित नहीं होंगी, बल्कि कुल सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू करने की योजना है।

30 नवंबर से संसद में होगी सियासी परीक्षा

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन विधेयक को संसद से पारित कराने की होगी। इसके लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत यानी उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी।

लोकसभा में फिलहाल तीन सीटें रिक्त हैं और प्रभावी संख्या 540 है। यदि सभी सदस्य मतदान करते हैं तो विधेयक पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में सरकार को विपक्षी दलों या अन्य सांसदों का समर्थन हासिल करना होगा।

राज्यसभा में भी सरकार को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ सकती है।

कांग्रेस ने जारी किया व्हिप, विपक्ष ने उठाए सवाल

कांग्रेस ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को लेकर सरकार पर राजनीतिक बहुमत जुटाने के लिए विपक्षी दलों में फूट डालने का आरोप लगाया है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है।

विपक्ष की मांग है कि राज्यों के प्रतिनिधित्व की मौजूदा हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने की बात केवल राजनीतिक आश्वासन तक सीमित न रहे, बल्कि इसे विधेयक में स्पष्ट कानूनी गारंटी दी जाए।

डीएमके ने भी तमिलनाडु की मौजूदा 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की शर्त रखी है। पार्टी का कहना है कि अगर सभी राज्यों की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का फॉर्मूला विधेयक में स्पष्ट रूप से शामिल किया जाता है तो वह इस पर सकारात्मक रुख अपना सकती है।

अप्रैल में गिर चुका है संविधान संशोधन विधेयक

गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में सरकार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पर हार का सामना करना पड़ा था। उस समय 528 सांसदों ने मतदान किया था। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था।

अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ एक बार फिर संसद में इस मुद्दे को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।

अब सबकी नजर संसद पर है। यदि सरकार इस प्रस्ताव को पारित कराने में सफल रहती है तो देश की संसदीय व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ने के साथ राज्यों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता भी खुल सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें

राहुल गांधी ने क्यों बताया 850 को लोकतंत्र की हत्या का नंबर?

राहुल गांधी ने क्यों बताया 850 को लोकतंत्र की हत्या का नंबर? लोकसभा सीटें बढ़ाने की तैयारी पर केंद्र को घेरा, युवाओं से बोले- याद रखना यह आंकड़ा!

पेंशन

30 नवंबर तक जमा कर दें लाइफ सर्टिफिकेट, वरना दिसंबर से रुक सकती है पेंशन! जानिए घर बैठे मोबाइल से कैसे करें जीवन प्रमाण पत्र जमा

मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून स्तंभ में जलाया गया कार्तिगई दीपम

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जला कार्तिगई दीपम, रोशनी से जगमगाया ऐतिहासिक दीपथून स्तंभ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और विकास को लेकर बयान।

राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर बड़ा हमला: बोले- अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर को विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता

परिसीमन विधेयक पर विपक्ष की बैठक और मल्लिकार्जुन खरगे,

परिसीमन पर विपक्ष का बड़ा दांव! खरगे के घर जुटा INDIA गठबंधन, मोदी सरकार के संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ बनेगी रणनीति

Mradubhashi Day-Preview 28.11.2026

मृदुभाषी डे-Preview| शनिवार, 28 नवंबर 2026

Leave a comment