---Advertisement---

देवास में बेकाबू कार ने तीन लोगों को कुचला, दो महिलाओं समेत 3 की मौत; खंभे तोड़ पेड़ से टकराई कार

---Advertisement---

Mradubhashi | Dewas Accident News: मध्य प्रदेश के देवास जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। उदयनगर-इंदौर मार्ग पर ग्राम दड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं और घर के बाहर कुर्सी पर बैठे करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले दो महिलाओं को मारी टक्कर, फिर बुजुर्ग को रौंदते हुए पेड़ से भिड़ी कार

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे इंदौर के रेसकोर्स रोड निवासी धर्मेंद्र जैन कार से पिकनिक मनाने उदयनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम दड़ के पास उसकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई।

तेज रफ्तार कार ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी जमुनाबाई और मनीबाई को टक्कर मार दी। इसके बाद कार घर के बाहर कुर्सी पर बैठे करीब 80 वर्षीय शंकर को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे लगे तीन से चार खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में आसपास की झुग्गियों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए पहुंचे।

एक की मौके पर मौत, अस्पताल में दो ने तोड़ा दम

हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला और बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

मृतकों की पहचान जमुनाबाई पति सोहन, मनीबाई पति घनश्याम और शंकर पिता मोहन के रूप में हुई है। तीनों ग्राम जूनापानी-दड़ के निवासी थे।

हादसे में घायल कार चालक धर्मेंद्र जैन को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसा

दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें तेज रफ्तार कार सड़क किनारे मौजूद लोगों को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकराती दिखाई दे रही है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार की टक्कर से सड़क किनारे लगे खंभे तक क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, चालक का मेडिकल परीक्षण

उदयनगर थाना प्रभारी अभिनव शुक्ला के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग ग्राम जूनापानी-दड़ के निवासी थे। शवों का बागली स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने ग्राम दड़ में शोक का माहौल पैदा कर दिया है। एक बेकाबू कार ने कुछ ही पलों में तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a comment