पंजाब के सराय बंजारा स्टेशन के पास हुआ हादसा, इंजन से पांचवें कोच तक आग की सूचना; रेलवे अधिकारियों के मुताबिक तीन डिब्बे आग की चपेट में आए, चौथा भी प्रभावित हुआ, फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं
मृदुभाषी डेस्क, सराय बंजारा। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। अंबाला रेल मंडल के सराय बंजारा स्टेशन के पास चलती ट्रेन के डिब्बों में आग लग गई। आग की चपेट में ट्रेन के तीन डिब्बे आ गए, जबकि चौथा डिब्बा भी प्रभावित हुआ है। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन के इंजन से पांचवें कोच तक आग फैलने की सूचना मिली थी। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने बताया कि तीन डिब्बों में आग लगी थी और चौथा डिब्बा भी आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रेलवे की टीमें और दमकल विभाग मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गए।
सेफ्टी सिस्टम ने समय पर रोकी ट्रेन, मौके पर पहुंचे अधिकारी
नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि अंबाला डिवीजन के सराय बंजारा स्टेशन के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन के सेफ्टी सिस्टम ने समय पर काम किया, जिसके कारण ट्रेन रुक गई। इसके बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई। रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
रेलवे के अनुसार, फिलहाल इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। अन्य नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन का इंतजाम
अंबाला रेल मंडल के सीनियर डीसीएम यशंजीत सिंह ने बताया कि रेलवे की पहली प्राथमिकता सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि यात्रियों से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक स्टेशन पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है। वहां से उन्हें सुरक्षित उनके घर और गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
यशंजीत सिंह के मुताबिक, ट्रेन में बिना आरक्षण वाले यात्री सफर कर रहे थे। तीन डिब्बों में आग लगी थी, जबकि चौथा डिब्बा भी कुछ हद तक प्रभावित हुआ है। रेलवे का पूरा ध्यान यात्रियों को सुरक्षित निकालने और उनकी आगे की यात्रा की व्यवस्था करने पर है।
आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटा रेलवे
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और डिब्बों को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।