---Advertisement---

सिवनी होटल कांड में एक और पुलिस अधिकारी सस्पेंड, अब तक 7 पर गिरी गाज; गांजा रखकर फंसाने की दी थी धमकी

सिवनी पुलिस, विजय बघेल, सिवनी होटल मामला, पुलिस निलंबन, गांजा मामला, NDPS एक्ट, मध्यप्रदेश पुलिस, छिंदवाड़ा रेंज
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

सिवनी होटल कांड में यातायात रक्षित निरीक्षक विजय बघेल निलंबित। युवक-युवती को गांजा रखकर फंसाने की धमकी के मामले में अब तक सात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई।

युवक-युवती को NDPS एक्ट में झूठा फंसाने की धमकी देने के मामले में यातायात रक्षित निरीक्षक विजय बघेल निलंबित; अंतरिम जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया भूमिका संदिग्ध मिलने पर कार्रवाई, जबलपुर रक्षित केंद्र से किया संबद्ध

मृदुभाषी डेस्क, सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी में होटल के कमरे में युवक-युवती को गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का चर्चित मामला पुलिस विभाग के लिए लगातार मुश्किलें बढ़ा रहा है। इस प्रकरण में अब एक और पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई हुई है। जबलपुर जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक ने सिवनी के यातायात रक्षित निरीक्षक विजय बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में निलंबित पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

सिवनी होटल कांड

अंतरिम जांच रिपोर्ट के बाद गिरी गाज

मामले से जुड़े वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी होटल के कमरे में मौजूद युवक और युवती से कथित तौर पर आपत्तिजनक तरीके से बातचीत करते दिखाई दिए थे। आरोप है कि पुलिसकर्मी उनके बैग में गांजा रखकर एनडीपीएस एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए छिंदवाड़ा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक ने अंतरिम जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया घटना में संलिप्तता और आचरण संदिग्ध पाए जाने के बाद विजय बघेल के निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन के बाद जबलपुर रक्षित केंद्र में रहेंगे अधिकारी

निलंबन अवधि के दौरान विजय बघेल को जबलपुर रक्षित केंद्र से संबद्ध किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही निलंबन अवधि में जबलपुर रक्षित केंद्र में नियमित उपस्थिति देना अनिवार्य होगा।

पहले भी छह पुलिसकर्मियों पर हो चुकी है कार्रवाई

इस चर्चित मामले में पुलिस विभाग पहले ही कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई कर चुका है। इससे पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंचलेश मरकाम, थाना प्रभारी सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के चालक और गनमैन को निलंबित किया गया था।

अब यातायात रक्षित निरीक्षक विजय बघेल पर कार्रवाई के बाद निलंबित पुलिसकर्मियों की कुल संख्या सात हो गई है।

होटल संचालक ने लगाया 50 हजार रुपये मांगने का आरोप

इस पूरे प्रकरण में होटल संचालक की ओर से भी पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। होटल संचालक का आरोप है कि पुलिसकर्मी उससे हर महीने 50 हजार रुपये की मांग करते थे।

हालांकि, इन आरोपों की प्रामाणिकता अभी विस्तृत जांच का विषय है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस विभाग में लगातार कार्रवाई से मचा हड़कंप

सिवनी होटल प्रकरण में लगातार हो रही निलंबन की कार्रवाई ने पुलिस विभाग में हलचल बढ़ा दी है। वायरल वीडियो से शुरू हुए इस मामले में अब तक सात पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल जांच के निष्कर्षों और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a comment