शनिवार सुबह 9:15 बजे महसूस हुआ कंपन, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने 10 किलोमीटर गहराई पर दर्ज किया केंद्र; जैतापुर के स्कूल में बच्चों को एहतियातन कक्षाओं से बाहर निकाला, फिलहाल जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं
मृदुभाषी डेस्क, खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। शहर सहित जिले के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धरती में कंपन होने से लोगों में दहशत फैल गई। अचानक घरों और आसपास की वस्तुओं में कंपन महसूस होने पर लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई स्थानों पर लोग काफी देर तक खुले मैदानों और सुरक्षित स्थानों पर खड़े रहे।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, शनिवार 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। इसका केंद्र 21.590 उत्तरी अक्षांश और 75.552 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। जारी नक्शे के मुताबिक भूकंप का केंद्र खरगोन, मध्यप्रदेश में था। यह स्थान इंदौर से लगभग 129 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में बताया गया है।

2 से 3 सेकंड तक महसूस हुए झटके
स्थानीय लोगों के अनुसार, भूकंप का कंपन अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग समय तक महसूस हुआ। कहीं कुछ सेकंड तो कहीं लगभग 2 से 3 सेकंड तक धरती हिलती महसूस हुई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए।
शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की खबरें सामने आईं। लोग एक-दूसरे से घटना की जानकारी लेते और अपने अनुभव साझा करते नजर आए।
स्कूल में बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकाला
भूकंप का असर स्कूलों में भी देखने को मिला। जैतापुर क्षेत्र के एक स्कूल में कंपन महसूस होने के बाद एहतियात के तौर पर बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालकर खुले स्थान पर खड़ा किया गया। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया, ताकि किसी भी संभावित अनहोनी से बचा जा सके।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने दर्ज की 4.5 तीव्रता
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के बाद भूकंप की तीव्रता, समय और केंद्र की आधिकारिक जानकारी सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप की गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी।
फिलहाल जिले में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भूकंप के झटकों के बाद लोगों में सतर्कता का माहौल है।