अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए बरमान जा रहे थे कार सवार; गोपालपुरा के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार, पुलिस तलाश में जुटी
मृदुभाषी डेस्क, सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे सभी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार में सवार सभी लोग अमावस्या पर्व पर नर्मदा स्नान करने के लिए ग्राम भैंसा से नरसिंहपुर जिले के बरमान जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर गोपालपुरा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को निकाला

दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल देवरी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है।
हादसे में इन चार लोगों की गई जान
- माखन यादव (पिता मुन्नीलाल यादव), निवासी बिलहरी।
- संतोष तिवारी (पिता बद्री प्रसाद तिवारी), निवासी महागोद, थाना राहतगढ़।
- नीरज मिश्रा, निवासी भैंसा।
- ठाकुर साहब (वास्तविक नाम अज्ञात), निवासी सुभाष नगर, मोती नगर, सागर।
पांच लोग गंभीर रूप से घायल
- देवेंद्र सेन (पिता रामदास सेन), निवासी नरयावली।
- राहुल नामदेव (पिता परसोत्तम नामदेव), निवासी जनता स्कूल के पास, पुरव्याऊ टौरी।
- रामगोपाल (पिता जूजे), निवासी ग्राम नैतना, बांदरी।
- प्रहलाद विश्वकर्मा, निवासी रामनगर, थाना कैंट, सागर।
- अनिकेत (पिता प्रवीण शर्मा), निवासी भैंसा। अनिकेत कार चला रहे थे।
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
