---Advertisement---

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बढ़ी खींचतान! 125 सीटों से कम पर तैयार नहीं कांग्रेस, राहुल-अखिलेश की मुलाकात से निकलेगा सीटों का फॉर्मूला?

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सीट बंटवारे का विवाद, 125 सीटों से कम पर कांग्रेस तैयार नहीं
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर घमासान तेज। कांग्रेस की 125 सीटों की मांग, सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव और इमरान मसूद के तीखे बयान से बढ़ी सियासी हलचल।

दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की अहम बैठक, गठबंधन के साथ अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी पर भी मंथन; सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव पर इमरान मसूद का तीखा हमला, बोले- हर बार कांग्रेस ही बड़ा दिल क्यों दिखाए?

मृदुभाषी डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान तेज होती जा रही है। गठबंधन में सीटों की हिस्सेदारी को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। इसी बीच शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की अहम बैठक हुई, जिसमें गठबंधन की रणनीति से लेकर अकेले चुनाव लड़ने की संभावनाओं तक पर चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अब 125 सीटों से कम पर समझौता करने के पक्ष में नहीं है। माना जा रहा है कि इस राजनीतिक गतिरोध को दूर करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की जल्द मुलाकात हो सकती है। सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला दोनों नेताओं के बीच होने की संभावना जताई जा रही है।

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बढ़ी खींचतान!
अखिलेश यादव-इमरान मसूद। -मृदुभाषी।

26 सीटों के प्रस्ताव से कांग्रेस में नाराजगी

दरअसल, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया गया है, जबकि कांग्रेस की मांग लगातार बदलती रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने शुरुआत में 181 सीटों पर दावा किया था। बाद में यह मांग घटाकर 130 सीटों तक लाई गई और अब पार्टी 100 से 120 सीटों के बीच अपनी दावेदारी जता रही है। वहीं, सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के कुछ नेता 125 सीटों से कम पर समझौता नहीं करने के पक्ष में हैं। कांग्रेस का तर्क है कि सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण जीतने की संभावना है। पार्टी ऐसी सीटें चाहती है, जहां उसका संगठन मजबूत हो और उम्मीदवार जीतने की स्थिति में हों।

राजाजी मार्ग पर जुटे कांग्रेस के दिग्गज, अकेले चुनाव लड़ने पर भी चर्चा

दिल्ली के 10 राजाजी मार्ग पर शुक्रवार को हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक में जीत की संभावना वाली सीटों की नई सूची, सीट बंटवारे के संभावित फॉर्मूले और दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनाव अभियान शुरू करने की तैयारियों पर विचार किया गया। गठबंधन जारी रखने के विकल्प के साथ पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति में अपनी रणनीति पर भी मंथन किया।

इमरान मसूद का सपा पर हमला, बोले- हर बार कांग्रेस ही बड़ा दिल क्यों दिखाए?

सीट बंटवारे को लेकर जारी तनातनी के बीच कांग्रेस सांसद और पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा पर तीखा हमला बोला। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सुझाव के बावजूद मसूद ने अपने तेवर नरम नहीं किए। उन्होंने सवाल उठाया कि 2019 में बसपा के साथ गठबंधन करने के बावजूद सपा पांच सीटों पर ही क्यों सिमट गई थी? मसूद का दावा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से बने राजनीतिक माहौल का फायदा सपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में मिला और इसी वजह से पार्टी 37 सीटें जीतने में सफल रही।

26 सीटों पर सपा खुद जीतकर दिखाए: मसूद

इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में सपा का भी योगदान रहा है, लेकिन हर बार कांग्रेस ही बड़ा दिल क्यों दिखाए? उन्होंने स्पष्ट किया कि 26 सीटों का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि यदि कांग्रेस इतनी कम सीटों पर चुनाव लड़ती है तो भविष्य में सपा इसी आधार पर कांग्रेस के प्रदर्शन को कमजोर बताने लगेगी। मसूद ने चुनौती देते हुए कहा कि सपा 26 सीटों पर खुद चुनाव लड़कर जीत हासिल करके दिखाए। उन्होंने 105 से अधिक सीटों की मांग दोहराते हुए कहा कि 2017 में कमजोर राजनीतिक स्थिति के बावजूद कांग्रेस इतनी सीटों पर चुनाव लड़ी थी, जबकि आज पार्टी पहले से अधिक मजबूत स्थिति में है।

खलनायक बताए जाने पर भी पीछे हटने को तैयार नहीं मसूद

खुद को गठबंधन विरोधी और खलनायक बताए जाने पर इमरान मसूद ने कहा कि वे पार्टी के लिए मर-मिटने को तैयार हैं और अपनी बात सच्चाई के साथ सामने रखते रहेंगे। उनके इस बयान से साफ है कि सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के भीतर भी दबाव बना हुआ है और पार्टी के कुछ नेता सपा के सामने कम सीटों पर समझौता करने के पक्ष में नहीं हैं।

राहुल-अखिलेश की मुलाकात पर टिकी निगाहें

अब यूपी की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन किस फॉर्मूले पर आगे बढ़ेगा। कांग्रेस जहां सम्मानजनक सीट हिस्सेदारी और जीतने वाली सीटों पर जोर दे रही है, वहीं सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव दोनों दलों के बीच दूरी बढ़ाता नजर आ रहा है। ऐसे में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की संभावित मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। इस बातचीत से ही तय हो सकता है कि दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे या फिर कांग्रेस को अकेले मैदान में उतरने की तैयारी करनी पड़ेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a comment