तबीयत बिगड़ने के बाद सुरक्षाकर्मी घर लेकर पहुंचे; डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली एम्स रेफर किया, कार्डियो-न्यूरो सेंटर में विशेषज्ञों की निगरानी में चल रहा इलाज
मृदुभाषी डेस्क, नई दिल्ली। देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह की सैर के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जांच की जा रही है।

सुबह की सैर के दौरान बिगड़ी तबीयत
सूत्रों के अनुसार, 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ बुधवार सुबह नियमित सैर पर निकले थे। इसी दौरान वे अचानक बेहोश हो गए और कुछ मिनटों तक अचेत रहे। उनके सुरक्षाकर्मी उन्हें तत्काल घर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सा टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए एम्बुलेंस से एम्स भेजने का निर्णय लिया।
कार्डियो-न्यूरो सेंटर में विशेषज्ञों की निगरानी
पूर्व उपराष्ट्रपति को दिल्ली एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां हृदय रोग विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी स्थिति का मूल्यांकन कर रहे हैं। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य जांच और उपचार जारी है। उनकी तबीयत को लेकर विस्तृत आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन सामने आने के बाद ही स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
जुलाई 2025 में दिया था उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा
जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 में देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने जुलाई 2025 तक इस पद पर कार्य किया। इसके बाद स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।
पूर्व उपराष्ट्रपति के अचानक अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
