---Advertisement---

भारत-नेपाल की दोस्ती को 15 हजार करोड़ की नई ताकत! PM मोदी ने खोला सहयोग का खजाना, बालेन शाह के साथ रिश्तों में आया नया मोड़

भारत-नेपाल रिश्ते
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

PM मोदी ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया। धारचूला-दार्चुला मैत्री पुल, सरयू-कमला एक्सप्रेस और व्यापार-तकनीक सहयोग से दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती।

200 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर होगा खत्म, धारचूला-दार्चुला के बीच मैत्री पुल का उद्घाटन; सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी, बंदरगाहों तक मिलेगी नेपाल को पहुंच

मृदुभाषी डेस्क, नई दिल्ली। भारत और नेपाल के सदियों पुराने रिश्तों में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे के दौरान दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये की मदद का ऐलान किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और तकनीक समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत-नेपाल के रिश्तों को साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था की मजबूत नींव पर टिका बताया। उन्होंने भगवान राम और माता सीता का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल पड़ोसी होने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हैं। वर्ष 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए मोदी ने कहा, ‘नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।’

वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के साथ संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के नागरिकों के बीच गहरा सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव है।

भारत-नेपाल की दोस्ती को 15 हजार करोड़ की नई ताकत!

200 किलोमीटर का चक्कर खत्म, खुला दोस्ती का नया रास्ता

भारत और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोगों के लिए इस दौरे की सबसे बड़ी सौगात काली नदी पर बना छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह ने दिल्ली से बटन दबाकर इस पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया।

यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा। अब तक दोनों ओर के लोगों को एक-दूसरे तक पहुंचने के लिए करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता था। पुल शुरू होने से आवागमन आसान होने के साथ स्थानीय व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन के दौरान छारछुम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। रं समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर इस ऐतिहासिक अवसर का जश्न मनाया।

नेपाल को कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक मिलेगी पहुंच

भारत ने नेपाल के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराएगा।

इससे नेपाल को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए समुद्री बंदरगाहों का इस्तेमाल करने में सुविधा मिलेगी। दूसरे देशों से आयात-निर्यात की प्रक्रिया आसान होने के साथ नेपाल के व्यापारिक अवसर भी बढ़ सकते हैं।

मोदी ने कहा कि भारत के साथ बेहतर व्यापार और निवेश संबंध नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देंगे।

शिक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक, आठ क्षेत्रों में सहयोग

भारत और नेपाल ने अपनी साझेदारी को केवल व्यापार और परिवहन तक सीमित नहीं रखा है। दोनों देशों के बीच आठ प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौते किए गए हैं।

इनमें शामिल हैं:

  1. फॉरेंसिक विज्ञान: गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच शिक्षा एवं शोध में सहयोग।
  2. पुलिस प्रशिक्षण: भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग।
  3. प्रशासनिक प्रशिक्षण: भारत का नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल का एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज मिलकर नेपाली अधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे।
  4. आयुर्वेद: आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में अनुसंधान और सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
  5. सैटेलाइट संचार: इसरो और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के उपयोग से संचार नेटवर्क विकसित करने पर सहमति बनी।
  6. शहरी विकास: टिकाऊ और आधुनिक शहरी विकास के लिए तकनीकी सहयोग किया जाएगा।
  7. स्वास्थ्य सेवाएं: चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
  8. पशुपालन एवं मत्स्य पालन: पशुपालन और मछली पालन के विकास के लिए तकनीक और अनुभव साझा किए जाएंगे।

सड़क, रेल और सीमा संपर्क को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सड़क तथा सीमा संपर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है। धारचूला में मैत्री मोटर पुल के उद्घाटन के साथ बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला भी रखी गई।

इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार, परिवहन और लोगों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश सहित भारत के विभिन्न राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही गई।

सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी, अयोध्या-जनकपुर के बीच बढ़ेगा जुड़ाव

सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी, अयोध्या-जनकपुर के बीच बढ़ेगा जुड़ाव

भारत और नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाना भी इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने ट्रेन को रवाना किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस सेवा से अयोध्या और मिथिला के बीच सदियों पुराना सांस्कृतिक रिश्ता फिर मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि इस ट्रेन सेवा से नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करना और भारत के श्रद्धालुओं के लिए जनकपुरधाम में माता जानकी की पूजा करना आसान होगा।

गति शक्ति मॉडल में भी नेपाल ने दिखाई दिलचस्पी

प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह को भारत की पीएम गति शक्ति योजना की जानकारी भी दी। इस योजना की शुरुआत 13 अक्टूबर 2021 को हुई थी। इसका उद्देश्य सड़क, रेल, बंदरगाह और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि विकास कार्य अधिक प्रभावी तरीके से पूरे हो सकें।

नेपाल ने भी अपने यहां बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के बेहतर समन्वय के लिए भारत के इस मॉडल में रुचि दिखाई है।

राम-सीता के रिश्ते से विकास की नई साझेदारी तक

प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की मुलाकात ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारत और नेपाल के संबंधों की ताकत केवल कूटनीति या व्यापार में नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझा सभ्यता और जनभावनाओं में भी छिपी है।

एक ओर राम-जनकी की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली रेल सेवा और मैत्री पुल जैसे कदम हैं, तो दूसरी ओर बंदरगाहों तक पहुंच, 15 हजार करोड़ रुपये की मदद और तकनीकी सहयोग जैसी पहलें हैं।

अब देखना होगा कि इन घोषणाओं और समझौतों को जमीन पर कितनी तेजी से उतारा जाता है। इतना जरूर है कि दोनों देशों के बीच इस नई पहल से क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और आपसी सहयोग को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें

प्रकाश पर्व पर PM मोदी ने सुनी गुरबाणी

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वाणी में रमे PM मोदी, एलजी आवास में पहली बार पहुंचे; शबद कीर्तन सुनकर गुरु नानक देव को किया नमन

मृदुभाषी मॉर्निंग बुलेटिन| 23 नवंबर 2026, सोमवार

बिसलेरी के पानी पर बड़ा सवाल!

बिसलेरी के पानी पर बड़ा सवाल! सैंपल में मिले दो खतरनाक केमिकल, FSSAI ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने को दी मंजूरी

नरेंद्र मोदी, सोने की कीमत, गोल्ड रेट

सोना न खरीदने की सलाह पर व्यापारियों ने PM मोदी को लिखा थैंक यू लेटर, बोले- ‘मोदी जी ने बचा लिया’; एक किलो पर 65 लाख रुपये की गिरावट

मैंने तो पहले ही कहा था सोना मत खरीदो

‘मैंने तो पहले ही कहा था, सोना मत खरीदो…’ मोदी बोले- मेरी अपील मानी, लोगों के हर तोला पर बच गए 30 हजार रुपये!

NEET पेपर लीक केस में बड़ा एक्शन! 14 आरोपियों पर आरोप तय, NTA के 3 सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी घेरे में

Leave a comment