तमिलनाडु के सीएम विजय के साथ की यात्रा और छात्रों से लगाई खास अपील
चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने चेन्नई दौरे के दौरान तमिलनाडु को विकास और संस्कृति की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदिरों से लेकर मेट्रो तक तमिलनाडु में नए भारत की शानदार झलक दिखाई देती है, जहां देश अपनी सांस्कृतिक ताकत से प्रेरणा लेकर वैज्ञानिक प्रगति के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दौरे के मुख्य आकर्षण के तहत पीएम मोदी ने चेन्नई मेट्रो के फेज-2 प्रोजेक्ट के 14.6 किलोमीटर लंबे पूनमल्ली-वडापालानी रूट का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने खुद मेट्रो ट्रेन में सफर किया। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी उनके साथ मौजूद रहे।
छात्रों से बोले पीएम- “भारत का भविष्य बहुत शानदार होगा”
मेट्रो के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री जयगोपाल गरोडिया हिंदू विद्यालय के गोल्डन जुबली कार्यक्रम में पहुँचे। यहाँ उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं के सपनों को देखकर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए नारा लगवाया— “वी विल डू इट… डेवलप तमिलनाडु, डेवलप इंडिया… वी विल डू इट!”
खेल और शिक्षा पर विशेष जोर
पीएम मोदी ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) से देश में शिक्षा की गुणवत्ता और वैश्विक पहचान में लगातार सुधार हो रहा है। खेलकूद के क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है। आज देश के युवाओं के पास बेहतरीन प्लेटफॉर्म, पोटेंशियल और सरकार का पूरा सपोर्ट है। अंत में उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे जहाँ भी जाएँ, वहाँ तमिल संस्कृति और कविताओं का प्रचार-प्रसार जरूर करें।