भोपाल। मध्य प्रदेश में सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। इंदौर, भोपाल और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों में बड़ी संख्या में बसों के संचालन के जरिए यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

हाल में सामने आई जानकारी के अनुसार इंदौर में 145, भोपाल में 106 और जबलपुर में 67 बसों के संचालन की व्यवस्था बताई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कार्यक्रम के दौरान टिकट लेकर बस में यात्रा की। इस पहल को प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक संगठित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान एमपी यात्री परिवहन कंपनी ने IIM इंदौर और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, भोपाल के साथ एमओयू भी किया। बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार के बीच भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे शहरों में विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बस नेटवर्क का विस्तार निजी वाहनों पर निर्भरता और शहरी यातायात के दबाव को कम करने में भी भूमिका निभा सकता है।






