कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की; पेंडेंट पर कुरान की आयतें अंकित होने का दावा, धार्मिक भावनाओं से जुड़ा बताया मामला
मृदुभाषी डेस्क, भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान का एक इंस्टाग्राम पोस्ट विवादों में आ गया है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने अभिनेत्री को कानूनी नोटिस भेजकर पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। हफीज का आरोप है कि करीना ने पोस्ट में जो पेंडेंट पहना है, वह भोपाल की पूर्व रियासत के शाही परिवार की करीब 400 साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहर है। उनके अनुसार, इस पेंडेंट पर कुरान की आयतें अंकित हैं, इसलिए इसे फैशन एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल करना धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मामला है।
कांग्रेस नेता ने अपने वकील जफर के माध्यम से भोपाल कोर्ट के जरिए यह कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि करीना कपूर के पहनावे या उनके द्वारा इस्तेमाल की गई कलगी (प्लूम) को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उनका विरोध केवल पेंडेंट के इस्तेमाल के तरीके को लेकर है।
शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम से जुड़ी धरोहर होने का दावा
अब्बास हफीज का कहना है कि विवादित पेंडेंट भोपाल की तत्कालीन शासक शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने धार्मिक उद्देश्य और इबादत के लिए बनवाया था। उनके मुताबिक, इस ऐतिहासिक आभूषण पर कुरान की आयतें अंकित हैं, जिनका इस्लाम धर्म में विशेष महत्व है।
हफीज का तर्क है कि धार्मिक ग्रंथों की आयतों के सम्मान और उनसे जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। ऐसी धरोहर को महज सजावटी आभूषण या फैशन एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग
कानूनी नोटिस में अब्बास हफीज ने करीना कपूर खान से तीन प्रमुख मांगें की हैं। इनमें संबंधित इंस्टाग्राम पोस्ट हटाना, सार्वजनिक रूप से माफी मांगना और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन देना शामिल है।
कांग्रेस नेता का कहना है कि ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़ी वस्तुओं के इस्तेमाल में संवेदनशीलता बरतना जरूरी है। फिलहाल यह मामला अभिनेत्री के सोशल मीडिया पोस्ट और पेंडेंट की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान को लेकर चर्चा में है।