बीटेक अंतिम वर्ष और एमएससी-एमटेक द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन; 75 प्रतिशत अंक या 7.5 सीजीपीए अनिवार्य, आवेदन की अंतिम तिथि 6 दिसंबर 2026
मृदुभाषी डेस्क, चंडीगढ़। रक्षा क्षेत्र में तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRE), चंडीगढ़ ने छह महीने की पेड इंटर्नशिप के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थियों को रक्षा से जुड़े अनुसंधान एवं परियोजनाओं पर काम करने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। इंटर्नशिप 1 जनवरी 2027 से शुरू होगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 5,000 रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा।
इन विषयों के विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन
डीजीआरई की इस इंटर्नशिप के लिए तीन विषयों के विद्यार्थियों को अवसर दिया गया है। इनमें बीटेक अंतिम वर्ष के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) और सिविल इंजीनियरिंग के विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा एमएससी या एमटेक द्वितीय वर्ष में रिमोट सेंसिंग/जियोइनफॉर्मेटिक्स विषय की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
इंटर्नशिप की कुल अवधि छह महीने होगी। चयनित विद्यार्थियों को डीजीआरई के सेक्टर-37ए, चंडीगढ़ स्थित परिसर में काम करना होगा।
75 प्रतिशत अंक और 7.5 सीजीपीए जरूरी
आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय या संस्थान में संबंधित विषय के स्नातक अथवा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अध्ययनरत होना जरूरी है। विद्यार्थियों के पिछले शैक्षणिक रिकॉर्ड में कम से कम 75 प्रतिशत अंक या 7.5 सीजीपीए होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 28 वर्ष से कम होनी चाहिए।
आवेदन के साथ संबंधित कॉलेज के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष (HOD) अथवा ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर (TPO) का अनुशंसा पत्र भी जमा करना होगा।
चयन के आधार पर मिलेगा स्टाइपेंड
उम्मीदवारों का चयन पिछले सभी सेमेस्टर के अंकों अथवा सीजीपीए के आधार पर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन या टेलीफोनिक इंटरव्यू भी आयोजित किया जा सकता है।
चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 5,000 रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक महीने प्रयोगशाला में कम से कम 15 कार्यदिवस उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। स्टाइपेंड का भुगतान दो किस्तों में किया जाएगा। पहली किस्त तीन महीने की इंटर्नशिप पूरी होने पर और दूसरी किस्त छह महीने का कार्यक्रम पूरा होने के बाद मिलेगी।
इंटर्नशिप के दौरान निर्धारित प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा करने और रिपोर्ट जमा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
6 दिसंबर तक स्पीड पोस्ट से भेजें आवेदन
इच्छुक और योग्य विद्यार्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजना होगा। आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन भेजते समय लिफाफे पर ‘Application for Paid Internship: Starting 01 January, 2027’ के साथ संबंधित ब्रांच कोड स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य है।
आवेदन भेजने का पता:
निदेशक,
रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRE),
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO),
सेक्टर-37ए, चंडीगढ़-160036।
आवेदन के साथ लगाएं ये दस्तावेज
- निर्धारित प्रारूप में भरा हुआ आवेदन फॉर्म।
- पिछले सभी सेमेस्टर की मार्कशीट अथवा स्कोर कार्ड।
- कॉलेज का पहचान पत्र (कॉलेज आईडी)।
- कॉलेज के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष या टीपीओ का अनुशंसा पत्र।
- अन्य आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों की प्रतियां।
महत्वपूर्ण: आवेदन भेजने से पहले संबंधित ब्रांच कोड, निर्धारित आवेदन फॉर्म और दस्तावेजों से जुड़ी शर्तों की पुष्टि डीजीआरई की आधिकारिक अधिसूचना से अवश्य कर लें।