भोपाल में अमित शाह का ऐलान, 11 जिलों के 35 हजार गोपालकों को दिए 101 करोड़

भोपाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित विशाल गोवंश एवं गोपालक सम्मेलन में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बना दिया जाएगा। इस सम्मेलन में 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालक शामिल हुए। इस दौरान गृह मंत्री ने गोशालाओं के लिए 101 करोड़ रुपये की राशि वितरित की और उज्जैन में बनने वाले 255 करोड़ रुपये के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन किया। इसके अलावा उन्होंने भौंरी में आईआईएसईआर (IISER) के अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
कांग्रेसियों के आरोपों पर दिया विकास का हिसाब

विपक्ष के हमलों का पलटवार करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेसी हमारा विरोध करते हैं, इसलिए आज मैं उन्हें जनता के सामने हिसाब देने आया हूं। उन्होंने आंकड़े रखते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने 75 साल के शासनकाल में देश में दूध का कुल उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन तक पहुंचाया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में इसे बढ़ाकर 25 करोड़ टन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक काम किया गया है। यह भाजपा सरकारों की लगन और मजबूत नीतियों का नतीजा है।
उन्होंने बताया कि देश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता जो वर्ष 2014-15 में 307 ग्राम थी, वह अब 58 प्रतिशत बढ़कर 485 ग्राम प्रतिदिन पर पहुंच चुकी है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन चुका है और देश के शीर्ष पांच दुग्ध उत्पादक राज्य—उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र—सभी भाजपा शासित प्रदेश ही हैं।
“युवाओं के भविष्य में नशे के लिए कोई जगह नहीं होगी”

नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश 31 दिसंबर 2029 के पहले पूरी तरह नारकोटिक्स (नशीले पदार्थों) से मुक्त हो जाए, इसके लिए सरकार बारीक और ठोस रणनीति पर काम कर रही है। मध्य प्रदेश के सभी अभिभावकों, विशेषकर माताओं को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के बेटे-बेटियों के भविष्य में नशे के लिए कोई जगह नहीं होगी और उनका आने वाला कल पूरी तरह सुरक्षित व उज्ज्वल होगा।








