मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है उपद्रव में भी तेजी आ रही है। मुर्शिदाबाद में हुए एक हमले में ममता सरकार के मंत्री जाकिर हुसैन (Zakir Hussain) गंभीर रूप से घायल हो गए।
निमटीटा रेलवे स्टेशन पर हुआ हमला
पश्चिम बंगाल में जारी हिंसा का शिकार अब पश्चिम बंगाल सरकार के एक मंत्री हुए हैं। मंत्री जाकिर हुसैन एक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके ऊपर मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात हमलावरों ने बम से हमला किया। इस हमले में उनके साथ दो और लोग भी घायल हुए हैं।
श्रम राज्य मंत्री हैं हुसैन
पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हमले के संबंध में बताया कि श्रम राज्य मंत्री हुसैन निमटीटा रेलवे स्टेशन के 2 नंबर प्लेटफॉर्म पर रात करीब 10 बजे कोलकाता जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी उनके ऊपर अज्ञात हमलावारों ने बम से हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।