Little India: क्या है ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ‘लिटिल इंडिया’ - Mradubhashi - MP News, MP News in Hindi, Top News, Latest News, Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest News in Hindi
//

Little India: क्या है ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ‘लिटिल इंडिया’

Little India

Little India: ऑस्ट्रेलिया में बना है एक और भारत

Little India: नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी इस समय विदेश यात्रा पर हैं। वे रविवार को जापान से पापुआ न्यू गिनी पहुंचे थे। इसके बाद सोमवार को वे ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। सिडनी ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया। पीएम मोदी का ऑस्ट्रेलिया का यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। सबसे बड़ी बात यह कि पीएम मोदी के दौरे को यादगार बनाते हुए ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने हमारे देश और ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को बड़ी सौगात दी है।

यहां सिडनी के हैरिस पार्क इलाके का नाम ऑस्ट्रेलिया की पीएम एंथोनी अल्बनीस सरकार ने लिटिल इंडिया (Little India) कर दिया है। दरअसल हैरिस पार्क पश्चिमी सिडनी का एक इलाका है। इस इलाके में सबसे ज्यादा भारतीय मूल के लोग रहते हैं। यहां हर दूसरा इनसान भारतीय मूल का है। यही वजह है कि विदेशी धरती का यह इलाका लिटिल इंडिया (Little India) हो गया है।

धड़ल्ले से चलती है हिन्दी
हैरिस पार्क में चूंकि भारतीय मूल के लोगों की संख्या ज्यादा है, इसलिए यहां हिन्दी धड़ल्ले से बोली जाती है। यहां 11 फीसदी लोग हिन्दी बोलते हैं। वहीं गुजराती बोलने वालों की संख्या भी 15 फीसदी है। यहां 5 फीसदी लोग पंजाबी भी बोलते हैं। इसके अलावा अन्य भारतीय भाषाएं जैसे तमिल, तेलगू भी यहां बोली जाती हैं। यही वजह है कि हैरिस पार्क अब लिटिल इंडिया हो गया है।

90 फीसदी कारोबारी भारतीय मूल के
वैसे सिडनी का हैरिस पार्क पहले से ही लिटिल इंडिया है। क्योंकि यहां भारतीय कारोबार और कल्चर रच-बस गया है। अब नामकरण की औपचारिकता पूरी होने से आधिकारिक तौर पर विदेशी धरती का यह इलाका लिटिल इंडिया (Little India) हो गया है। यहां 90 फीसदी कारोबारी भारतीय मूल के हैं। यही वजह है कि यहां रेस्टोरेंट में भारतीय भोजन आसानी से मिल जाता है। साथ ही भारतीय परिधान और ज्वेलरी की कई दुकानें यहां पर हैं।

हैरिस पार्क में जनसंख्या प्रतिशत
-45.4 फीसदी भारतीय मूल के लोग।
-5.9 फीसदी लोग नेपाल से आकर बसे हैं।
-4.2 फीसदी लोगों का चीन से है नाता।
-2.8 फीसदी लोग लेबनान मूल के हैं।
-2.3 फीसदी लोग फिलीपींस मूल के।

गुलाब जामुन से लेकर रबड़ी तक सबकुछ

हैरिस पार्क यानी लिटिल इंडिया में ऑस्ट्रेलियाई लोग भी भारतीय भोजन का आनंद लेते हैं। खास बात यह है कि यहां आधिकांश शाकाहारी भोजन मिलता है। भारतीय भोजन मिठाई के बिना पूरा नहीं हो सकता। इसलिए यहां रबड़ी, गुलाब जामुन से लेकर भारतीय मटका कुल्फी तक मिल जाती है। इसके अलावा यहां भारतीय स्ट्रीट फूड भी मिल जाता है। समोसा, कचौरी, पकौड़े और चाट भी यहां आसानी से मिल जाती है।
मोदी के पहुंचने से पहले भारतवंशी लॉर्ड मेयर

पीएम मोदी सोमवार को सिडनी पहुंचे, लेकिन उनके वहां पहुंचने से कुछ ही घंटे पहले पश्चिमी सिडनी में एक राजनीतिक घटना भी हुई। इस इलाके के पररामट्टा शहर में पहली बार भारतवंशी लॉर्ड मेयर चुना गया। ये लॉर्ड मेयर हैं समीर पांडेय। समीर पांडेय 2017 में पार्षद बने थे और 2022 से डिप्टी लॉर्ड मेयर थे। अब वे लॉर्ड मेयर बन गए हैं।

पीएम मोदी ने किया ट्वीट
ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि सिडनी पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अगले दो दिनों के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर उत्सुक हूं। पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा कि वे ऑस्ट्रेलिया के साथ रिश्तों को नए स्तर पर ले जाना चाहते हैं।

ऑस्ट्रेलियाई पीएम का संदेश
पीएम मोदी के दौरे से पहले ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बानीज ने बयान जारी कर पीएम मोदी के दौरे पर खुशी जाहिर की। बयान में अल्बानीज ने कहा कि पीएम मोदी की ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा की आगवानी करने पर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं।