इंदौर। यूपी और बिहार में आएदिन बरातों में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बार बालाओं के अश्लील डांस के मामले सामने आते रहते हैं। इस पर पुलिस कार्रवाई भी करती है, लेकिन इंदौर में भी अब इस फूहड़ता का नजारा देखने को मिला। रविवार को निपानिया क्षेत्र में फूहड़ता की हदें पार करती एक बारात जब रास्ते से गुजरी तो आस-पास की महिलाएं अपने घर में दुबककर बैठ गई। निपानिया निवासी ने अपने बेटे की शादी तय कर दी, शादी में बरात के आगे ट्रैक्टर पर आर्केस्ट्रा बज रहा था और पीछे की तरफ ट्रॉली पर लड़कियां ठुमके लगा रही थी।
पैसे देकर बुलवाई थी लड़कियां
लड़कियों का पूरा ग्रुप ट्रैक्टर पर ठुमके लगा रहा था और उनका साथी बरात में मौजूद मनचलों को ट्रैक्टर से दूर भगा रहा था। लड़कियों के ट्रैक्टर के पीछे परिवार के युवा डांस कर रहे थे, उसके पीछे दूल्हा घोड़ी पर बैठा था और सबसे पीछे दूल्हे के परिवार की महिलाएं चल रही थी। बरात के आगे चलते ट्रैक्टर पर बने अस्थायी मंच पर थिरकती लड़कियों के साथ नाच कर बराती भी जमकर ठुमके लगा रहे थे। सूत्रों के अनुसार ठुमके लगाने के लिए लड़कियों को पैसे देकर बुलाया गया था, लेकिन इन लड़कियों की यह पुष्टि नहीं हो सकी की ट्रैक्टर पर ठुमके लगाने के लिए उन्होंने पैसे लिए थे या नहीं, लेकिन फूहड़ता की हद पार करती बरात को जिसने भी देखा वह आश्चर्यचकित रह गया। वहां मौजूद सोनू का कहना हैं कि समाज के लोग सार्वजनिक रुप से अमर्यादित काम कर रहे हैं, जो समाज को गलत संदेश जाता है, यह निंदनीय है। बरात में इतना फूहड़ माहौल हो गया था कि वहां चंद मिनट भी नहीं ठहर सके। पहले तो इस तरह की बरात अन्य राज्यों में देखने को मिलती थी, लेकिन अब शहर में भी इसने पैर पसार लिए हैं।
परिवार की महिलाएं घुंघट में, नाचने वाली आधे कपड़े में
बरात में दूल्हे के पीछे-पीछे चल रही महिलाएं सिर से लेकर गले तक घुंघट किए हुए थी। इस तरह की अमर्यादित काम करने वाले भी अपने घर की महिलाओं को घुंघट में रखना पसंद करते हैं, लेकिन दूसरों की बेटियों को वे सड़क पर ठुमके लगवाते हैं। बरात में ठुमके लगाने वाली लड़कियों के साथ एक आदमी भी था, जो ट्रैक्टर के पास आने वाले युवाओं को दूर करता रहा। ठुमके लगाने वाली युवतियां कपड़े भी कुछ इस तरह के पहने हुई थी कि वहां से निकलने वाले राहगीर भी शर्म से पानी-पानी हो गए।
देश के स्वच्छ शहर में फलफूल रहा गंदा धंधा
शहर के नागरिकों का कहना हैं कि देश का सबसे साफ शहर स्वच्छता में भले ही पंच लगा ले, लेकिन यहां फलफूल रहा गंदा धंधा और सामाजिक कार्यक्रमों में युवतियों को ट्रैक्टर पर नचवाना शहर की शान में दाग लगा रहा है। कुछ दिन पहले भी देह व्यापार में लिप्त बांग्लादेशी लड़कियों और सरगना को पकड़ा गया है। देह व्यापार का धंधा करने वाले को लसूड़िया पुलिस ने स्कीम नंबर 114 के एक फ्लैट में छापा माकरकर पकड़ा। इससे पहले वियज नगर पुलिस ने भी देह व्यापार के अड्डे पर छापा मारा था। पुलिस ने एक से डेढ़ सप्ताह में ही दो अड्डों पर कार्यवाही की। इसके अलावा पुलिस ने आॅनलाइन सेक्स रैकेट का खुलासा भी किया है जिसमें छह युवती और तीन दलाल को गिरफ्तार किया है।