Mradhubhashi
Search
Close this search box.

विनय कुमार सक्सेना होंगे दिल्ली के नए उपराज्यपाल , होटल और रेस्तरां नहीं वसूल सकेंगे सर्विस चार्ज

नई दिल्ली। अनिल बैजल के इस्तीफे के बाद विनय कुमार सक्सेना को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। सक्सेना दिल्ली के 22वें उपराज्यपाल बने हैं। वे पदभार ग्रहण करने की तारीख से दिल्ली के उपराज्यपाल होंगे। इससे पहले विनय कुमार सक्सेना खादी ग्रामोद्योग आयोग भारत सरकार के चैयरमैन थे। उन्होंने 27 अक्टूबर 2015 को अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया था। नए एलजी की नियुक्ति पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नवनियुक्तउपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना का दिल्ली की जनता की तरफ से मैं हार्दिक स्वागत करता हूं। दिल्ली की बेहतरी के लिए उन्हें दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल की तरफ से पूर्ण सहयोग मिलेगा। उपराज्यपाल रहे अनिल बैजल जी के साथ मिलकर दिल्ली में कई काम किए और कई समस्याओं को ठीक करने की कोशिश की। वो बेहद अच्छे इंसान हैं।

चार गुना खुशी, एक साथ चार बच्चे को दिया जन्म

बालाघाट। बालाघाट जिला अस्पताल में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। बच्चों में तीन लड़के और एक बेटी शामिल है। चारों बच्चे और मां स्वस्थ बताए गए हैं। प्रदेश का यह अनोखा मामला है, वहीं बालाघाट जिले यह पहला मामला है। सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ संजय धबड़गांव ने बताया कि किरनापुर तहसील के गांव जराही की 26 वर्षीय प्रीति नंदलाल मेश्राम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। केस चुनौतीपूर्ण तो था ही। सोमवार सुबह 11 बजे ट्रामा यूनिट की विशेषज्ञ टीम ने आॅपरेशन किया। प्रीति मेश्राम ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है। चारों बच्चों को एनसीयू में भर्ती किया गया है। बच्चों की सेहत ठीक है। वहीं परिवार का कहना है कि हमें चार गुना खुशी नसीब हुई है।

100 सर्वाधिक प्रभावशाली लोगों की सूची में गौतम अडाणी

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता करुणा नंदी, कारोबारी गौतम अडाणी और प्रख्यात कश्मीरी मानवाधिकार कार्यकर्ता खुर्रम परवेज को टाइम पत्रिका की 2022 के दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया गया है। यह सूची छह श्रेणियों में विभाजित की गई है। ये श्रेणियां आइकंस, पायनियर्स, टाइटंस, आर्टिस्ट्स, लीडर्स और इनोवेटर्स हैं। अडाणी को टाइटंस श्रेणी में एपल के सीईओ टिम कुक और अमेरिकी होस्ट ओपरा विन्फ्रे जैसी शख्सियतों के साथ जगह दी गई है। वहीं, नंदी और परवेज को लीडर्स श्रेणी में स्थान मिला है। इस श्रेणी में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके यूक्रेनी समकक्ष वोलोदिमिर जेलेंस्की भी शामिल किए गए हैं। दोनों देशों के बीच लंबे समय से युद्ध चल रहा है।

होटल और रेस्तरां नहीं वसूल सकेंगे सर्विस चार्ज

नई दिल्ली। होटल और रेस्तरां में खानपान बिल के साथ सर्विस चार्ज अथवा टिप्स वसूलने पर केंद्र सरकार ने सख्त नाराजगी जताई है। सर्विस चार्ज या टिप्स देना उपभोक्ता की इच्छा पर निर्भर करता है, जिसे वसूलना रेस्तरां का अधिकार नहीं है। केंद्रीय उपभोक्ता मंत्रालय ने इस बाबत दो जून को नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन को चर्चा के लिए तलब किया है। इसके पूर्व मंत्रालय की ओर से चेतावनी के साथ निर्धारित गाइडलाइन पर अमल का निर्देश दिया गया था, जिसे नजरअंदाज करने वाले रेस्तरां और होटल संचालकों को कड़ा दंड भुगतना पड़ सकता है। खानपान बिलों के साथ रेस्तरां में बिना किसी पूर्व सूचना के उपभोक्ताओं से सर्विस चार्ज भी धड़ल्ले से वसूला जा रहा है। इसका विरोध करना कई बार उपभोक्ताओं को भारी पड़ता है। नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर इस तरह की शिकायतों की भरमार है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट