Mradhubhashi
Search
Close this search box.

Vaccination: पीएम मोदी के जन्मदिन पर रचा गया इतिहास, 2,00,41,136 लोगों का हुआ वैक्सीनेशन

नई दिल्ली। देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को इतिहास रच दिया है। देश ने एक दिन में तेजी के साथ दो करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाने का काम पूर्ण कर लिया है। दोपहर 1.30 बजे तक ही देश में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन लगा दी गईं थीं। इस बात की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने दी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश ने एक दिन सबसे ज्यादा वैक्सीन लगाने का रिकार्ड तोड़ दिया है। शाम 5 बजे तक की स्थिति के मुताबिक, दो करोड़ लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। हर घंटे 19 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। दोपहर 4 बजे तक रफ्तार ऐसी थी कि तकरीबन हर सेकंड 527 और हर मिनट 31 हजार लोगों को वैक्सीन की खुराक दी गई। देश में 1,09,686 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को देखते हुए भाजपा ने भी ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने का अभियान चलाया। दरअसल, भाजपा ने पीएम मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण दिवस के तौर पर मनाया। 20 दिनों का सेवा और समर्पण अभियान 7 अक्टूबर तक चलेगा।

देश में अब तक 78.68 करोड़ लोगों को लगे टीके

को-विन पोस्ट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शाम पांच बजकर 10 मिनट तक देशभर में कुल 2,00,41,136 टीकों की खुराक दी गई। देश में अब तक कुल 78.68 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। एक महीने से भी कम समय में चौथी बार एक दिन में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए गए।

राज्यों को 77.77 करोड़ से ज्‍यादा डोज

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन के 77.77 करोड़ से ज्‍यादा डोज उपलब्ध कराए गए। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन के 6.17 करोड़ से ज्‍यादा डोज उपलब्ध हैं।

इस तरह परवान चढ़ा अभियान

-स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत को टीकाकरण के 10 करोड़ आंकड़े तक पहुंचने में 85 दिन लगे।
-अगले 45 दिन में 20 करोड़ तथा इसके 29 दिन बाद 30 करोड़ के आंकड़े पर देश पहुंचा था।
-30 करोड़ से 40 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 24 दिन लगे और इसके 20 दिन बाद छह अगस्त को 50 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गए।

  • 19 दिन बाद देश ने 60 करोड़ आंकड़े का तथा इसके महज 13 दिनों बाद 70 करोड़ आंकड़े का लक्ष्य हासिल किया।
    -13 सितंबर को देश ने टीकाकरण के 75 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया।

इंदौर में एक लाख से ज्यादा को दूसरा डोज

इंदौर में भी शुक्रवार को वैक्सीनेशन महाअभियान शुरू हुआ। इसमें 1.65 लाख लोगों को दूसरा डोज टारगेट रखा गया। इसके लिए करीब 450 सेंटर बनाए गए । जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों व धर्मगुरुओं ने लोगों से अपील की गई कि जिनके पहले डोज के बाद की निर्धारित अवधि खत्म हो गई है, वे दूसरा डोज अवश्य लगाएं। शाम पांच बजे तक एक लाख से ज्यादा लोगों को दूसरा डोज लगाया गया। वैसे टारगेट 1.65 लाख से भी ज्यादा हो सकता है क्योंकि विभाग के पास अभी 2 लाख से ज्यादा डोज उपलब्ध हैं।

527 लोगों को हर सेकंड लगी वैक्सीन
31000 लोगों का हर मिनट टीकाकरण
1,09,686 टीकाकरण केंद्र बनाए देश में

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट