Mradhubhashi
Search
Close this search box.

मूसेवाला के गांव में हुआ हंगामा, विरोध के चलते 2 घंटे देरी से पहुंचे सीएम भगवंत मान

पंजाब के CM भगवंत मान शुक्रवार को मानसा के गांव मूसा पहुंचे। यहां उन्होंने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मां-बाप से मुलाकात की। उन्हें 8 बजे पहुंचना था, लेकिन मूसा गांव में विरोध को देखते हुए वे 2 घंटे देरी से पहुंचे। इससे पहले मूसा गांव पहुंचे AAP विधायक गुरप्रीत सिंह बणावाली काे लोगों का विरोध झेलना पड़ा। लोगों ने उन्हें बैरंग वापस लौटा दिया।

CM भगवंत मान की मूसेवाला के परिजनों से 70 मिनट की मुलाकात हुई। जिसमें मां-बाप ने एक ही मांग उठाई कि मूसेवाला के कातिलों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उन्होंने कहा कि बेटे की मशहूरी ही उसकी दुश्मन बन गई। कातिल न पकड़े गए तो फिर किसी और के बेटे की हत्या हो जाएगी। सीएम ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है। जल्द ही कातिल पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

पुलिस की सुरक्षा से परेशान गांव वालों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि पुलिस ने CM के दौरे के बहाने मूसेवाला के रिश्तेदारों को घर के भीतर जाने से रोका। विधायक ने लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगी। CM के दौरे को देखते हुए यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मूसेवाला की रविवार शाम को हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मान सरकार ने एक दिन पहले ही मूसेवाला की सुरक्षा घटाई थी। हालांकि, जिस वक्त हत्या हुई, मूसेवाला के साथ उनके दोनों गनमैन नहीं थे। इसको लेकर परिवार के भीतर सरकार को लेकर नाराजगी भी है

विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को सबसे ज्यादा समर्थन यूथ का मिला था। हालांकि, सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद युवाओं में नाराजगी है। 23 जून को संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है। ऐसे में अगर आप सरकार परिजनों को संतुष्ट न कर सकी तो फिर संगरूर सीट पर उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ सकता है। इसीलिए CM मान कल दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मिले। जिसके बाद उनके मूसा गांव जाने का कार्यक्रम बन गया। ब्यूरो रिपोर्ट मृदुभाषी न्यूज़

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट