////

Tractor Parade: दिग्विजय सिंह ने दिल्ली के बवाल को लेकर पुलिस पर साधा निशाना और कही ये बात

Tractor Parade: दिग्विजय सिंह ने कहा कि दिल्ली हिंसा के लिए पुलिस जिम्मेदार है।

Tractor Parade: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर हुए किसानों के हिंसक प्रदर्शन को लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा है और हिंसा के लिए पुलिस को ही जिम्मेदार बताया है।

दिल्ली हिंसा पर बोले दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर परेड को लेकर पुलिस ने हिंसक रूप अपनाया है। किसान परेड के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। दिग्विजय ने कहा कि आंदोलनकारी किसान नेताओं और यूनियन वालों ने बगैर आईडी कार्ड वाले 15 शासकीय कर्मचारियों को पकड़ा, ये कौन लोग थे, इनका खुलासा किया जाना चाहिए। गाजीपुर का रूट पुलिस ने जानबूझकर बदला, इसलिए इस तरह की घटनाएं सामने आई।

पुलिस और प्रशासन पर लगाए आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसान पिछले कुछ दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। गाजीपुर में पुलिस ने रूट बदलकर आक्रोश बढ़ाया। एक किसान को गोली लगी है। यह सब सुनियोजित था, इसलिए पुलिस हिंसा के लिए जिम्मेदार है। पुलिस और प्रशासन ने किसानों को भड़काने का काम किया, जिसका फलस्वरूप हिंसा हुई। पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज और फायरिंग भी की। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने यह बात अपने देवास दौरे के दौरान कही।

पीएम मोदी पर साधा निशाना

पीएम नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कृषि बिल कानून लाने का उद्देश सिर्फ बड़े उद्योगपतियों को एग्रीकल्चर कॉमोडिटी मार्किट में उतारना है। बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए केन्द्र सरकार किसानों को हाशिए पर रखने की तैयार कर रही है।