Mradhubhashi
Search
Close this search box.

यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा, मप्र के तीन सिपाहियों की मौत

मथुरा। यूपी के यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन-80 (सुरीर) के पास शुक्रवार की सुबह छह बजे पुलिया से टकराकर बेकाबू हुई बोलेरो दो हिस्सों में बंट गई। बोलेरो सवार मध्यप्रदेश पुलिस के तीन सिपाही समेत पांच की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। पुलिस की टीम एमपी के टीकमगढ़ से हरियाणा के बहादुरगढ़ दबिश में जा रही थी। बोलेरो में आरोपी के बहन और बहनोई भी सवार थे। नींद की झपकी के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची सुरीर पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने बोलेरो में फंसे सवारों को निकाला।

हिमाचल में रोहतांग समेत चोटियां बर्फ से लकदक

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में आए बदलाव से रोहतांग समेत ऊंची चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश हुई। शुक्रवार को दो नेशनल हाईवे सहित 44 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। 87 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हो गए हैं। अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। रविवार को भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

जवाद चक्रवात के कारण रेलवे ने रद्द कीं 107 ट्रेनें

चक्रवाती तूफान जवाद को देखते हुए रेलवे ने अपनी 107 ट्रेनें कैंसिल कर दी हैं। ये आंध्रप्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों से गुजरने वाली ट्रेनें हैं। इनमें अप में 54 ट्रेनों को जबकि डाउन में 53 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। जवाद चक्रवात तेजी से आंध्रप्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों की तरफ बढ़ रहा है और इसके शनिवार को इन तटों से टकराने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हवा का गहरा अवदाब चक्रवाती तूफान जवाद में तब्दील हो गया है। चक्रवात के शनिवार को सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के पास पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की संभावना है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट