Mradhubhashi
Search
Close this search box.

10 शादियां, 100 से ज्यादा प्रेमिकाएं,5,000 से ज्यादा लड़कियों की खरीद-फरोख्त, ऐसी है तस्कर मोमिन के गुनाहों की फेअरिस्त

इंदौर। शहर में पकड़े गए लड़कियों के देश के सबसे बड़े तस्कर विजय दत्त उर्फ मोमिन को लेकर चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। मंगलवार को पुलिस ने बांग्लादेशी मोमिन से रातभर पूछताछ के बाद बुधवार को मीडिया से चर्चा में कई खुलासे किए। सेक्स रैकेट हब बनाने का सपना देखने वाला मोमिन ड्रग्स की तस्करी में भी लिप्त था। पुलिस को उसके पास से ड्रग्स मिली है। वह लड़कियों के जरिये ड्रग्स सप्लाई करता था। मोमिन को देश का सबसे बड़ा लड़कियों का तस्कर बताया जा रहा है। वजह यह है कि वह बांग्लादेश से युवतियां लाकर देश के अलग अलग राज्यों में सप्लाई करता था। वह इंदौर, सूरत, अहमदाबाद, बैंगलुरु सहित अन्य बड़े शहरों में लड़कियों की सप्लाय करता था। उनके जरिये ड्रग भी भिजवा देता था।

दो लड़कियों के साथ पकड़ा गया

जिन दो लड़कियों को तस्कर के साथ पकड़ा गया है उनसे भी पुलिस पूछताछ कर रही है। उसने इंदौर पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसने अब तक 10 शादियां की हैं और उसकी 100 से ज्यादा प्रेमिकाएं हैं। उसने बताया कि अब तक वह 5 हजार से अधिक लड़कियों की खरीद-फरोख्त कर चुका है। इन लड़कियों को बाद में देह व्यापार में लगा दिया। पुलिस ने बताया कि विजय दत्त इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में फरारी काट रहा था।

बाणगंगा काट रहा था फरारी

इंदौर में बीते दिनों एक के बाद एक सेक्स रैकेट का खुलासा करने के बाद पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में मोमिन उर्फ विजय दत्त नाम के दलाल की जानकारी लगी थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसके लिए पुलिस की एक टीम मुंबई भी भेजी गई थी। लेकिन पुलिस जिसकी तलाश मुंबई में कर रही थी वो इसी बीच मंगलवार को दो लड़कियों के साथ इंदौर में विजयनगर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

इसलिए इंदौर को बनाना चाहता था सेक्स रैकेट हब

मोमिन ने स्वीकार किया कि इंदौर से फ्लाइट, बस और ट्रेन आसानी से मिलने के कारण लड़कियों की यहां सप्लाई आसान हो जाती है। यही वजह है कि वह इंदौर से सूरत, राजस्थान और मुंबई समेत अन्य जगहों पर लड़कियों को सप्लाई करने के लिए एक चेन बनाने की फिराक में था।

पूरे देश में नेटवर्क

सिंडिकेट का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है। यह नेटवर्क इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, खरगोन, राजगढ़, खंडवा जैसी जगहों पर भी फैला हुआ है। सभी जगह मोमिन ने अपने एजेंट बना रखे हैं। मुंबई से वह बांग्लादेशी लड़कियों को इन जगहों तक पहुंचाता था और ये एजेंट इन्हें आगे भेज देते थे। इसके अलावा इस सिंडिकेट के मुंबई, पुणे, सूरत, अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों में भी एजेंट बने हुए हैं।

गिरोह की लड़कियों की जानकारी जुटा रही पुलिस

मोमिन ने पुलिस को बताया कि बांग्लादेश में गरीबी है। दलालों के जरिये लड़कियों भारत भेजने के लिए तैयार करता और उन्हें घरों में नौकरी व पार्लर में काम का झांसा देकर भारत ले आता था। कुछ दिन नाला सुपारा में रखता और देह व्यापार में धकेल देता था। उसने यह भी बताया कि कई लड़कियों से उसकी दोस्ती है। उसने कई लड़कियों के साथ संबंध भी बना लिए थे। पुलिस उसके गिरोह से जुड़ी लड़कियों और दलालों की जानकारी जुटा रही है।

हवाला के जरिये भेजता था पैसा

मोमिन यहां से कमाया पैसा हवाला के जरिये भेजता था। बांग्लादेश सीमा पर ऐसे कई लोग हैं जो यह काम करते हैं। इसके एवज में कुछ हिस्सा लेते हैं। पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल बरामद किए गए हैं जिन पर कॉलगर्ल्स की डिमांड आती थी।

बांग्लादेश के रसई जिले का रहने वाला

मोमिन मूल रूप से बाबना जिला रसई, बांग्लादेश का रहने वाला है और वह कई बार भारत आता जाता रहा है। वह शादीशुदा है और दो बच्चे हैं। 25 साल पहले वह भारत आया था और स्थानीय व्यक्ति की मदद से उसने विजय दत्त के नाम से राशन कार्ड बनवाया था। इस राशन कार्ड को दिखाकर उसने आधार कार्ड और वोटर कार्ड बनवा लिया था।

अवैध तरीके से रह रहा देश में

आरोपी ने कबूल किया है कि वह 25 साल पहले अवैध तरीके से भारत आकर मुंबई में बस गया था और उसने फर्जी वोटर आईडी और आधार कार्ड बनवाया और फिर पासपोर्ट। इसके बाद वह पत्नी से मिलने के बहाने बांग्लादेश जाता था और इसकी आड़ में लड़कियों की खरीद-फरोख्त करता था।
हरिनारायणाचारी मिश्र, पुलिस महानिरीक्षक इंदौर

  • 25 साल पहले बांग्लादेश से भारत आया था मोमिन
  • 10 शादियां की हैं। 100 से ज्यादा प्रेमिकाएं भी हैं
  • 05 हजार से अधिक लड़कियों की खरीद-फरोख्त कर चुका
  • 14 मोबाइल बरामद किए पुलिस ने, जिन पर कॉलगर्ल्स की डिमांड आती थी
ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट