Mradhubhashi
Search
Close this search box.

सिद्धू मूसेवाला मर्डर का मास्टरमाइंड पकड़ा गया, पंजाब सीएम भगवंत मान ने की पुष्टि

अमृतसर। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को अमेरिका के कैलिफोर्निया में हिरासत में ले लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, गोल्डी को 20 नवंबर या इससे पहले डिटेन किया गया। हालांकि, अभी तक इसके बारे में कैलिफोर्निया पुलिस ने औपचारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भारतीय एजेंसियों से बात की है। बताया जा रहा है कि गोल्डी को भारत भेजा जा सकता है। गोल्डी बराड़ के खिलाफ पहले ही 2 पुराने केसों में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। वह कुछ दिन पहले ही कनाडा से राजनीतिक शरण के लिए कैलिफोर्निया भागा था। पंजाब के CM भगवंत मान ने गोल्डी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि गोल्डी को जल्द भारत लाया जाएगा।

मूसेवाला के कत्ल के वक्त गोल्डी बराड़ कनाडा में रह रहा था। सिंगर के कत्ल के बाद गोल्डी भारतीय खुफिया एजेंसियों और मूसेवाला के फैंस के निशाने पर आ गया। उसे डर लगा कि कहीं कोई उसके ठिकाने का पता न बता दे। इस वजह से वह कुछ समय पहले कनाडा से अमेरिका के कैलिफोर्निया की फ्रेसनो सिटी भाग निकला था। वहां जाकर उसने 2 वकीलों की मदद से राजनीतिक शरण लेने की भी कोशिश की। गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई के करीबियों में से है। दोनों कॉलेज के समय से ही साथ में हैं। गोल्डी बराड़ पर हत्या, हत्या की कोशिश, आपराधिक साजिश रचने और हथियारों की तस्करी करने का आरोप है।

मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कल ही गोल्डी बराड़ के न पकड़े जाने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस या भारतीय एजेंसियां गोल्डी बराड़ पर 2 करोड़ का इनाम घोषित करें। उसका पता बताने वाले को वह अपने खाते से 2 करोड़ का इनाम देंगे।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट