दिल्ली। दिल्ली के श्रद्धा वॉकर हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। साथ ही हत्या के आरोपी आफताब पूनावाला की दरिंदगी और डरावने चेहरे की कहानी भी सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस मंगलवार सुबह आफताब को लेकर महरौली के जंगल पहुंची। आफताब ने कुबूल किया था कि हत्या के बाद उसने शव के 35 टुकड़े किए और उन्हें जंगल में फेंक दिया। पुलिस को अब तक 10 बॉडी पार्ट्स मिले हैं। फोरेंसिक जांच से इसकी पुष्टि भी की जाएगी। डीएनए टेस्ट भी होगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आफताब ने जिस कमरे में श्रद्धा की डेड बॉडी के टुकड़े फ्रिज में रखे थे, वह उसी कमरे में लगातार 18 दिन सोता रहा। इतना ही नहीं वह रोज फ्रिज खोलकर श्रद्धा के कटे हुए सिर को भी देखता था। आफताब ने हत्या के बाद एक लड़की को फ्लैट पर बुलाया था। तब श्रद्धा के बॉडी पार्ट्स फ्लैट में ही थे। आफताब और दूसरी लड़की डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे। पुलिस इस डेटिंग ऐप से आफताब की जानकारी जुटाएगी। पुलिस जानेगी कि वह किन लड़कियों से मिला और हत्या की वजह इनमें से कोई लड़की तो नहीं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया था कि शादी को लेकर झगड़ा होने के बाद उसने वालकर की हत्या की थी और उसके शरीर को 35 टुकड़ों में काटा था। शरीर को टुकड़ों में काटने का विचार अमेरिकी क्राइम टीवी सीरीज ‘डेक्सटर’ से प्रेरित था।
टुकड़े करते समय खुद का भी कटा था हाथ
आफताब को लेकर डॉ. अनिल कुमार का बयान सामने आया है। डॉक्टर का दावा है कि आफताब मई में उनके क्लिनिक आया था। उसका हाथ कटा हुआ था और खून भी निकल रहा था। वह बहुत बेचैन लग रहा था। मैंने उसके हाथ में टांके भी लगाए थे। जब मैंने चोट के बारे में पूछा तो उसने कहा कि फल काटते समय उसका हाथ कट गया था।
एप से आफताब ने श्रद्धा से साधा था संपर्क
श्रद्धा से आफताब की दोस्ती बंबल एप पर हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक कॉल सेंटर में साथ काम करना शुरू किया था। श्रद्धा के परिवार ने इस रिलेशन पर सवाल उठाया था। इसके बाद दोनों दिल्ली चले गए थे। यहां वह महरौली में रहते थे और 18 मई को यहीं पर आफताब ने श्रद्धा की जघन्य हत्या कर दी। आफताब ने पुलिस से पूछताछ में माना है कि श्रद्धा शादी का दबाव बना रही थी, इसलिए उसका कत्ल कर दिया।
जंगल के पास फ्लैट दिलाने वाला गिरफ्तार
पुलिस ने हत्याकांड के मामले में आफताब को महरौली इलाके में जंगल के पास फ्लैड दिलाने वाले को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इससे पूछताछ कर रही है। इसी फ्लैट से आफताब शव के टुकड़े फेंकने के लिए जंगल जाता था।