Mradhubhashi
Search
Close this search box.

चुनाव आते ही फिर शुरू हुआ राम रहीम का खेल !

चुनाव की आहट पाते ही हमारे देश का माहौल उत्सव की रंगद ओढ़ लेता है। मानो होली, दिवाली समेत तमाम त्यौहार एक साथ धरा पर उतर आएं हो। लेकिन कई बार मतदाता का मन जेल की जंजीरों के पीछे से भी बदला जा सकता है।

हरियाणा में आदमपुर विधानसभा उपचुनाव और पंचायत चुनाव से पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम जेल से बाहर आएगा। राम रहीम की 40 दिन की पैरोल मंजूर हो गई है। पैरोल के दौरान वह यूपी के बागपत आश्रम में रहेगा। इसके अलावा राजस्थान के आश्रम का भी विकल्प खुला है। हालांकि राम रहीम सिरसा आश्रम आना चाहता था लेकिन सरकार इसके लिए राजी नहीं हुई।

हरियाणा में आदमपुर चुनाव होने वाले हैं। इसके लिए नामांकन शुरू हो चुका है। सिरसा आदमपुर के करीब ही है। जहां राम रहीम के खासे श्रद्धालु रहते हैं। पंचायत चुनाव के लिए भी घोषणा हो चुकी है। पहले चरण में 9 जिलों में पंचायत चुनाव कराए जा रहे हैं। राम रहीम के बाहर आने को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है। राम रहीम की पैरोल की अवधि के दौरान ही डेरे की पॉलिटिकल विंग समर्थन की रणनीति बनाएगी। जिसके बारे में आगे श्रद्धालुओं को सूचित किया जाएगा।

डेरा प्रमुख पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी जेल से बाहर आया था। उस वक्त डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 21 दिन की फरलो दी गई थी। यह फरलो इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि डेरा सच्चा सौदा का मालवा की 35 से ज्यादा सीटों पर सीधा प्रभाव है। इसको लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा पर निशाने भी साधे थे।

बता दें 2017 से साधवी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख सजा काट रहा है। पत्रकार छत्रपति और रणजीत हत्याकांड में भी उसे सजा हो चुकी है। लेकिन कई राजनितिक विशेषज्ञों का मानना है कि राम रहीम जेल से भी सियासत की गलियों से जुड़ा हुआ है। लेकिन यह केवल अनुमान भर है। क्योंकि सच फ़िलहाल कहीं पर्दों के पीछे छुपा हुआ है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट