Mradhubhashi
Search
Close this search box.

रामनवमी विशेष: MP की अयोध्या में राम जन्मोत्सव पर होगा भव्य उत्सव

भोपाल । भगवान राम के जन्मोत्सव रामनवमी को मध्य प्रदेश सरकार ने भव्य रूप में मनाने का फैसला किया है। रविवार 10 अप्रैल को राम जन्मोत्सव के मौके पर मध्य प्रदेश की अयोध्या यानि की ओरछा और चित्रकूट में जनभागीदारी से साढ़े 5-5 लाख दीप जलाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओरछा और चित्रकूट को दीपों से जगमगाने के लिए नागरिकों से दीपोत्सव कार्यक्रम में जनभागीदारी करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामनवमी के अवसर पर आयोजित हो रहे दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर कहा कि भगवान श्री रामराजा जी के दरबार में उपस्थित होकर प्राकट्य पर्व पर दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए नागरिक बंधु आमंत्रित हैं। ओरछा में रामनवमी पर जन-उत्साह का प्रदर्शन हो रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश के नागरिक जिस भी कार्य में भागीदारी करते हैं, उसके बेहतर परिणाम सामने आते हैं। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की बात हो या कोरोना महामारी से बचाव और उसका सामना कर जन-समुदाय को सुरक्षित कराने का प्रश्न हो, मध्य प्रदेश की जनता ने दृढ़ संकल्प से सफलताएं प्राप्त की हैं। इसी तरह पर्वों और त्योहारों में आमजन की भागीदारी जन-उत्साह और जन-उमंग का उदाहरण है।

हर्षोल्लास से मनाई जाएगी रामनवमी

उत्तर प्रदेश की अयोध्या में जिस तरह से दीपावली के मौके पर लाखों की संख्या में दीप जलाकर भव्य उत्सव मनाया गया था, उसी की तर्ज पर अब मध्य प्रदेश में भी 10 अप्रैल को राम जन्मोत्सव मनाने की तैयारी की गई है। मध्य प्रदेश के चित्रकूट और ओरछा में 11 लाख दीयों के प्रज्जवलन के साथ रामनवमी का पर्व बड़े ही धूम-धाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रीराम राजा सरकार मंदिर परिसर, ओरछा और चित्रकूट के विभिन्न स्थानों पर साढ़े 5-5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

रामनवमी पर मनाया जाएगा चित्रकूट का गौरव दिवस

रामनवमी पर होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम की सभी तैयारियां भी पूर्ण कर ली गई हैं। राज्य सरकार ने सुनिश्चित किया है कि रामनवमी पर चित्रकूट और ओरछा का दृश्य भव्य और दिव्य लगे, इसके साथ ही उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों ही प्रदेशों के चित्रकूट की भव्यता में कोई अंतर न हो। जनभागीदारी से विकास के कार्यों को करने की मुख्यमंत्री चौहान की संकल्पना के अनुरूप सतना जिले की पवित्र धार्मिक नगरी चित्रकूट के गौरव के रूप में रामनवमी का चयन किया गया है। रामनवमी पर चित्रकूट का गौरव दिवस भी मनाया जाएगा।

राज राम की नगरी ओरछा

राजाराम की नगरी ओरछा में भगवान राम एक राजा के रूप में विराजे हैं, जिसके चलते उन्हें चार बार आरती में सशस्त्र सलामी गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है। राम राजा मंदिर में पुलिस सुबह और शाम सलामी देती है। यहां मध्य प्रदेश पुलिस के जवान सूर्योदय और सूर्यास्त पर बंदूकों से सलामी देते हैं। मंदिर से जुड़ी एक खास बात ये भी है कि पूरे ओरछा नगर के परिसर में यह गार्ड ऑफ ऑनर रामराजा के अलावा देश के किसी भी वीवीआईपी को नहीं दिया जाता, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को भी यहां गार्ड ऑफ ऑनर नहीं दिया जाता है। मंदिर में भक्तों को पान का बना हुआ प्रसाद खिलाया जाता है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट