Mradhubhashi
Search
Close this search box.

एमवाय में हुई गोली कांड के आरोपी सलमान लाला को राजबाड़ा से पुलिस ने किया गिरफ्तार

इंदौर। शहर में पिछले शुक्रवार की रात एमवाय में एंबुलेंस खड़ी करने की बात पर गोली चलने की वारदात हुई थी। इसमें एंबुलेंस संचालक सद्दाम घायल हो गया था।

पुलिस ने इस मामले से जुड़े तीन आरोपियों को पहले पकड़ लिया था। गोलीकांड का मुख्य आरोपी फरार था। पुलिस ने शुक्रवार रात में राजबाड़ा से उसे भी हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि हाथ-पैर टूटने के डर से सलमान खुद राजबाड़ा पहुंचा था। उसने खुद सरेंडर कर दिया।

चाचा जावेद की मदद से छिपा हुआ था

संयोगितागंज और पलासिया के पुलिसकर्मियों ने एमवाय गोलीकांड में फरार मुख्य बदमाश सलमान लाला को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। लाला ने अपने साथी पिद्दू उर्फ पाई और आदिल के साथ मिलकर गोलीकांड को अंजाम दिया था। वह अपने चाचा जावेद की मदद से छिपा हुआ था। पुलिस ने जैसे ही चाचा को मदद करने के मामले में आरोपी बनाया, तभी सलमान ने रात में राजबाड़ा पर आकर सरेंडर कर दिया।

आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित था

आरोपी सलमान लाला एमआईजी इलाके में शोरूम में डकैती डालने के मामले में फरार था, इसके साथ ही खजराना में भी एक मामले में उसकी पुलिस को तलाश थी। आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी ने फरारी में ही गोलीकांड को अंजाम दिया था। बताया जाता है कि विजयनगर, परदेशीपुरा और एमआईजी के पुलिसकर्मियों के साथ सलमान संपर्क में रहता था। अधिकारियों ने इन सिपाहियों के मोबाइल नंबर भी जांच में डाले हैं।

राजबाड़ा पर किया सरेंडर

सलमान फरारी के दौरान इंस्टाग्राम पर लाइव आया था। जिस दिन गोलीकांड हुआ, उस दिन भी सलमान इंस्टाग्राम पर लाइव था। गोली चलाने के बाद वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस जब सलमान के घर पहुंची तो उसके हाथ पैर तोड़ने की बात की थी, इसके बाद उसने डर के चलते राजबाड़ा पर सरेंडर कर दिया।

मृदुभाषी के लिए इंदौर से चंकी बाजपेई की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट