Mradhubhashi
Search
Close this search box.

राहुल गांधी के हिंदूत्व वाले बयान पर भड़के ओवैसी, कहा, हिंदुस्तान सिर्फ हिंदुओं का देश नहीं है

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा रविवार को जयपुर में दिए गए बयान से एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी भड़क गए हैं। राहुल ने कांग्रेस की महंगाई हटाओ रैली में देशवासियों से अपील की कि हिंदुत्ववादियों को केंद्र की सत्ता से बेदखल कर हिंदुओं को वापस लाएं। इस पर नाराजगी प्रकट करते हुए ओवैसी ने कहा कि भारत सिर्फ हिंदुओं का नहीं बल्कि हर भारतीय का है।

राहुल पर पलटवार

ओवैसी ने कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता को लेकर सवाल किया कि हिंदुओं को सत्ता में लाने की अपील कैसे सेक्युलर हो सकती है? ओवैसी ने कहा, राहुल और कांग्रेस ने हिंदुत्व की जमीन को उपजाऊ बनाया। अब वे बहुसंख्यकवाद की फसल काटने की कोशिश कर रहे हैं। हिंदुओं को सत्ता में लाना 2021 का सेक्युलर एजेंडा है। वाह! भारत सभी भारतीयों का है, केवल हिंदुओं का नहीं। भारत सभी धर्मों के लोगों का है और उनका भी जिनका कोई विश्वास नहीं है।

जयपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय रैली

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को जयपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय रैली में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरा देश चार-पांच उद्योगपतियों के हाथ में है। हर संस्थान एक संगठन के हाथ में है। मंत्रियों के ऑफिस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ओएसडी हैं। देश को जनता नहीं चला रही है, तीन-चार पूंजीपति चला रहे हैं और हमारे प्रधानमंत्री उनके काम कर रहे हैं। रैली में सोनिया गांधी भी शामिल हुईं, लेकिन उन्होंने भाषण नहीं दिया।

हिंदू और हिंदुत्ववादी में फर्क

राहुल ने कहा कि दो शब्दों का एक मतलब नहीं हो सकता। हर शब्द का अलग मतलब होता है। देश की राजनीति में आज दो शब्दों के मतलब अलग हैं। एक शब्द हिंदू दूसरा शब्द हिंदुत्ववादी। ये एक चीज नहीं है, ये दो अलग शब्द हैं और इनका मतलब बिल्कुल अलग है। मैं हिदू हूं, लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं हूं। महात्मा गांधी हिंदू थे और नाथूराम गोडसे हिंदुत्ववादी थे। उन्होंने कहा कि हिंदू और हिंदुत्ववादी में फर्क होता है। हिंदू सत्य को ढूंढता है। मर जाए, कट जाए, फिर भी हिंदू सच को ढूंढता है। उसका रास्ता सत्य रहा। पूरी जिंदगी वो सच को ढूंढने में निकाल देता है। जबकि हिंदुत्ववादी पूरी जिंदगी सत्ता को ढूंढने और सत्ता पाने में निकाल देता है। वह सत्ता के लिए किसी को भी मार देगा। हिंदू का रास्ता सत्याग्रह होता है और हिंदुत्ववादी का रास्ता सत्ताग्रह होता है।

राहुल ने कहा- देश की सरकार कहती है कि कोई किसान शहीद ही नहीं हुए। मैंने पंजाब के लिए, हरियाणा से नाम लिए, पांच सौ लोगों की लिस्ट संसद में दी। उनसे कहा कि पंजाब की सरकार ने कंपनसेशन दिया है, आप भी दीजिए। उन्होंने नहीं दिया।

दुनिया घूम ली, किसानों से नहीं मिल पाए : प्रियंका

रैली में प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार और भाजपा की रीति-नीति पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता के लिए काम नहीं कर रही है। यह सिर्फ गिने-चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। केंद्र की सरकार झूठ, लालच और लूट वाली सरकार है। गोवा में एक उद्योगपति के कोयले को इधर से उधर ले जाने के लिए लोगों की मर्जी के खिलाफ सड़क बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी पर्यटन में व्यस्त हैं। उन्होंने दुनिया घूम ली, लेकिन दिल्ली में किसानों से बातचीत करने नहीं जा पाए। भाजपा कहती है कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ। मैं चुनौती देती हूं कि एक कोई संस्थान ऐसा बता दें, जो शिक्षा के लिए भाजपा ने इन सात सालों में बनाया है। प्रियंका ने लोगों के सामने अपनी एक शिकायत भी की। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आता है तो भाजपा के लोग जाति, धर्म, चीन-पाकिस्तान की बात करने लगते हैं। जब चुनाव हों तो इस भाजपा की सरकार से जवाब मांगें। उनसे पूछें कि आपने लोगों के लिए क्या किया है? किसान को देने के लिए पैसा नहीं है तो हजारों करोड़ का विमान क्यों खरीदा गया? उन्होंने कहा कि यह लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वह भाजपा सरकार से जवाब मांगें।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट