Mradhubhashi
Search
Close this search box.

न्यूजीलैंड सेंसर बोर्ड ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ की रिलीज पर लगाई रोक

भारत में रिलीज होने के बाद से ही चर्चाओं में रही बॉलीवुड फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ अब न्यूजीलैंड में भी सुर्खियां बटोर रही है। दरअसल, इस फिल्म की न्यूजीलैंड में स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी गई है। पहले फिल्म को A सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की मंजूरी मिल गई थी, लेकिन मुस्लिम समुदाय की मांग पर हुई समीक्षा के बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म पर रोक लगाने का फैसला किया।

सेंसर बोर्ड के इस फैसले से न्यूजीलैंड के पूर्व उप राष्ट्रपति भड़क गए हैं। उन्होंने कहा- इस्लाम के नाम पर आतंकवादियों का बचाव नहीं होना चाहिए। न्यूजीलैंड के पूर्व उप राष्ट्रपति विंस्टन पीटर्स ने इसे न्यूजीलैंड समेत दुनिया भर के लोगों की स्वतंत्रता पर हमला बताया है। अपने फेसबुक पोस्ट में पीटर्स ने लिखा- इस फिल्म को सेंसर करना न्यूजीलैंड में 15 मार्च के अत्याचारों की जानकारी को छिपाने की तरह है।

पीटर्स ने आगे लिखा कि इस्लाम के नाम पर आतंकवादियों का बचाव नहीं होना चाहिए। आतंकवाद का हर तरह से विरोध किया जाना चाहिए। सेंसर बोर्ड ने इस विवाद पर कहा, फिल्म सेंसर करने का यह मतलब नहीं है कि देश में फिल्म पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने उनसे संपर्क कर चिंता जताई है कि फिल्म से ‘मुस्लिम विरोधी भावना और घृणा बढ़ सकती है।’

वहीं अगर भारत की बात की जाए तो मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गोवा और त्रिपुरा को मिलाकर आठ राज्यों में फिल्म को पहले टैक्स फ्री किया जा चुका है। अब केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को मिलाकर यह संख्या नौ हो गई है। चंडीगढ़ UT प्रशासक की तरफ से रविवार को यह आदेश जारी किया गया, जो सोमवार से लागू हो गया है। प्रशासक की तरफ से जारी आदेश में फिल्म को स्टेट टैक्स से भी छूट दी गई है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट