Mradhubhashi
Search
Close this search box.

एमएस धोनी ने सीएसके की कप्तानी छोड़ी, सफर विजेता बनने से शुरू, वहीं पर खत्म

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल के 15 वें सीजन के शुरू होने से ठीक 2 दिन पहले चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है। धोनी की जगह रवींद्र जडेजा सीएसके के नए कप्तान होंगे. माही के इस फैसले से सभी हैरान हैं। सोशल मीडिया पर लोग धोनी के इस फैसले पर अलग अलग कॉमेंट कर रहे हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 4 बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है। आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से ही धोनी सीएसके की कमान संभाल रहे थे।

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के भी सफल कप्तानों में से रहे हैं। उनके नेतृत्व में चेन्नई की टीम ने 4 बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। धोनी ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में ट्रॉफी जीता था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद माना जा रहा था कि धोनी आईपीएल खेलते रहेंगे और कप्तानी भी करेंगे। इस बार उन्होंने सबको चौंकाते हुए कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है।

धोनी के कप्तानी छोड़ने के फैसले के बाद से लगातार सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर जारी है और फैंस पूछ रहे हैं कि क्या धोनी अब मैदान पर मैच भी नहीं खेलेंगे? पहले से ही ऐसी चर्चा रही है कि धोनी अब मेंटॉर की भूमिका में आ सकते हैं, हालांकि आईपीएल नीलामी में माही खासे सक्रिय थे और ऐसे में किसी को उम्मीद नहीं थी कि सीजन शुरू होने से पहले कप्तानी छोड़ देंगे।

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं, उन्होंने 204 मैचों में कप्तानी की है, उनके बाद दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 140 आईपीएल मैचों में कप्तानी की है। धोनी सबसे ज्यादा आईपीएल मैच जीताने वाले कप्तान हैं, उनकी कप्तानी में टीम 121 मैच जीती है, उनकी कप्तानी में जीत का प्रतिशत 59.60 है। इस मामले में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। हिटमैन ने 75 मैचों में अपनी टीम को जीत दिलाई है। धोनी सबसे ज्यादा आईपीएल मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं, इन्होंने अब तक 220 मैच खेले हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक हैं दोनों ने 213 मैच खेले हैं। धोनी आईपीएल में विकेट के पीछे सबसे ज्यादा शिकार करने वाले खिलाड़ी हैं। बतौर विकेटकीपर उन्होंने 161 शिकार किए हैं, इनमें 122 कैच और 39 स्टंपिंग हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर दिनेश कार्तिक हैं, जिन्होंने आईपीएल में विकेट के पीछे 147 शिकार किए हैं।

धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को 2007 में टी20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी दिलाई थी। टीम इंडिया ने धोनी की कप्तानी में साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी जीती है।

धोनी को 2007 में पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया था। भारत अंत में वो टूर्नामेंट जीतने में सफल रहा और वर्ल्ड क्रिकेट में लंबे-लंबे बालों वाले धोनी का कद और ऊंचा हो गया। धोनी को आखिरी बार आईपीएल 2021 में कप्तानी करते देखा गया और वो टूर्नामेंट जीतने में सफल रहे। 26 मार्च को आईपीएल के उद्घाटन मैच के साथ ही चेन्नई अपना अभियान शुरू करने जा रही है। एक लंबे अरसे बाद धोनी की कप्तानी के बिना यह टीम मैदान में उतरेगी। बतौर कप्तान धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लाजवाब रहे हैं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट