MP Monsoon Update: मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां थमीं हैं। आसमान साफ रहने से धूप के तेवर तीखे हैं। लगातार अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। 18 शहरों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री से अधिक है। ग्वालियर में सबसे अधिक 37.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 52 जिलों में से 27 जिलों में सामान्य से 20 से 46 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है।
MP Monsoon Update: IMD मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार को बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बनने जा रहा है। इससे मंगलवार को कम दबाव के क्षेत्र में बदलने और पांच सितंबर से प्रदेश में रुक-रुककर कर बारिश होने का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। एक सप्ताह तक रुक-रुककर बौछारें पड़ने का सिलसिला बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। इससे वातावरण से नमी कम होने लगी है।
भोपाल के आसपास के 10 जिलों में सूखे की आशंका
कम बारिश होने की वजह से राजधानी भोपाल के आसपास के 10 जिलों- विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, राजगढ़, गुना, अशोकनगर व सागर में सूखे की आशंका है। इन जिलों में औसत से 40 फीसदी कम बारिश हुई है। इसका असर खरीफ फसलों पर पड़ रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 30 फीसदी फसल खराब होने की आशंका है।