Mradhubhashi
Search
Close this search box.

रतलाम में सड़कों, अवैध कॉलोनी व अमृत 2 के तहत 200 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत – मंत्री भूपेंद्रसिंह

रतलाम। नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री भूपेंद्रसिंह ने रविवार को रतलाम में 15 करोड़ 35 लाख के कार्याें का भूमिपूजन करने के साथ विकास के कई कार्यों की सौगात दी। उन्होंने शहर विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल की मंशानुसार शहर में विकास के अन्य कार्यों के लिए 200 करोड़ रूपए से अधिक की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। अवैध कॉलोनियों को जलद नियमित करके उनमें जल्द विकास कार्य करने की घोषणा की। अविकसित कालोनियों और विभाजित प्लाट के लिए भी जल्द रास्ता निकालने का आश्वासन दिया।

दीनदयाल नगर में आयोजित समारोह में मंत्री श्री सिंह ने कहा कि रतलाम नगर में विकास कार्य किये जाने हेतु आप तो टेण्डर लगाते जाईये, धन की कमी आड़े नहीं आयेगी। आपको राशि मांगने की जरूरत नहीं हैं, सरकार आपकी है, आप जो कहेंगे वह सब होगा। आप जो मांगेंगे उससे ज्यादा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जी आपको देंगे, आप चिंता मत करो। मंत्री श्री सिंह ने रतलाम में अमृत 2 मिशन के तहत 136 करोड़ रूपए और स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 करोड़ रूपए स्वीकृत किए। इसके अतिरिक्त करीब 50 करोड़ रूप्ए अवैध कॉलोनियों व सड़कों के लिए स्वीकृति किए। उन्होने कहा कि अवैध कॉलोनी के लिए आप जितनी कहेंगे उतनी राशि स्वीकृत कर देंगे। शहर विकास के लिए 200 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत कर रहे है, जिसका आप उपयोग करो। जरूरत पडे़गी तो और देंगे।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि चेतन्य जी हमेशा कहते थे कि प्रदेश की अवैध कॉलोनियों को वैध करना है, उनका नियमितिकरण करना है, इसलिए उनकी अध्यक्षता में ही कमेटी बनाई थी। कमेटी की रिपोर्ट आते ही तीन माह में कानून बनाकर विधानसभा से पास करके उसे लागू कर दिया है। रिडेंसिफिकेशन योजना में पहले सड़कों का प्रावधान नहीं था, लेकिन अब सड़कों को भी इसमें शामिल किया है। विभाजित प्लाट पर भवन निर्माण की अनुमति के लिए अधिकारियों के साथ बैठकर बात करेंगे और इसका रास्ता निकालेंगे।

उन्होने कहा कि वर्ष 2024 तक सभी आवासहीनों को आवास उपलब्ध होगा। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत 9 लाख आवास बनाने के लक्ष्य के तहत अब तक 6 लाख आवास निर्मित किये जा चुके। इस कार्य में मध्यप्रदेश देश में नम्बर 1 है। प्रदेश सरकार द्वारा भू अधिकार अभियान चलाया जावेगा, जिसमें भूमिहीन परिवारों को पक्का मकान दिए जाने का कार्य किया जायेगा, ताकि कोई भी गरीब बिना आवास के ना रहे। रतलाम में 3300 परिवारों को अब तक आवास दिए जा चुके है, 1200 आवासों का सर्वे हुआ है, जिसे भोपाल जाकर तत्काल स्वीकृत करूंगा। भू-अधिकार के लिए शहरी क्षेत्र में जल्द पट्टे भी जारी करने का काम करेंगे।

सांसद गुमानसिंह डामोर ने इस मौके पर कहा कि भाजपा शासन काल में रतलाम का तेजी से विकास हो रहा है। सीवरेज प्रोजेक्ट, शहर को नगर से महानगर बनाने की निशानी है। 8 लेन प्रोजेक्ट का लाभ लेते हुए निवेश क्षेत्र बनाया जा रहा है, उससे नगर को लाभ होगा। शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक को प्रत्येक सुविधा देने हेतु तत्पर है। श्री काश्यप ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने का कानून बनाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। कांग्रेस शासन काल में यह काननू रोक दिया गया था। बाद में मंत्री भूपेंद्रसिंह ने व्यक्तिगत रूची लेकर काम को किया। उन्होने अविकसित कॉलोनियों के नियमितीकरण एवं विभाजित प्लाटों पर भवन अनुज्ञा देने का प्रावधान जल्द करने की मांग की। मंत्री श्री सिंह से शहर की सड़कों के लिए राशि आवंटित करने का आग्रह भी किया। ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने कहा कि रतलाम को महानगर बनाया जाना है, इसके प्रयास में सभी सभी सहभागी बने। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि नई परिषद् के 100 दिन पूरे हो चुके है। इस दौरान 21 करोड़ से अधिक की राशि के विकास कार्य आरंभ किए गए है। आज 15 करोड़ से अधिक राशि के कार्यों की शुरूआत हो रही है। प्रदेश में रतलाम में हमने महापौर हेल्पलाइन की शुरूआत की हैं। सफाई और पेयजल व्यवस्था में हम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे है।

उन्होने शहर विकास के लिए मंत्री श्री सिंह से विकास कार्यों के लिए राशि आवंटित करने का आग्रह किया। निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि विधायक श्री काश्यप के कार्यकाल में हुए प्रयासों से वह दिन दूर नहीं जब रतलाम महानगर कहलाएगा। नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने बताया कि मंत्री जी के हाथो मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना (तृतीय चरण) के अन्तर्गत अमृत सागर उद्यान से बाजना बस स्टैण्ड फोरलेन मार्ग लागत रूपये 2 करोड़ 88 लाख, मिनी स्मार्ट सिटी योजना अन्तर्गत अम्बे माता चौक जवाहर नगर से लक्ष्मणपुरा तक सीमेन्ट कांक्रीट सड़क निर्माण लागत रूपये 8 करोड़ 22 लाख, स्टेट डिझास्टर रिलिफ फंड के अन्तर्गत हजीरा पुलिया का नव निर्माण लागत रूपये 1 करोड़ 23 लाख, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक योजना के अन्तर्गत विभिन्न 10 स्थानों पर संजीवनी क्लीनिक का निर्माण लागत रूपये 2 करोड़ 50 लाख, नगर निगम निधि के अन्तर्गत न्यू रोड से शास्त्री नगर मुख्य मार्ग तक सीमेन्ट कांक्रीट सड़क निर्माण लागत रूपये 52 लाख 68 हजार इस तरह कुल 15 करोड़ 36 लाख के विकास कार्याें का भूमि पूजन किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान दीनदयाल नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने बड़ी फूल माला से मंत्री श्री सिंह का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, जिला उपाध्यक्ष बलवंत भाटी, सुनील सारस्वत, दिनेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, निलेश गांधी, कृष्णकुमार सोनी, मयूर पुरोहित, मंडल प्रभारी विनोद यादव, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, वरिष्ठ नेता कन्हैयालाल मौर्य मनोहर पोरवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विप्लव जैन, एमआईसी सदस्य भगतसिंह भदौरिया, धर्मेन्द्र व्यास, दिलीप गांधी, अनिता कटारा, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, मनोहरलाल राजू सोनी, रामू डाबी, सपना त्रिपाठी, पार्षद संगीता-कृष्णा सोनी, कविता चौहान सहित समस्त पार्षदगण एवं निगम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज शर्मा ने किया व आभार महापौर परिषद् सदस्य श्री विशाल शर्मा ने माना।

अर्चित अरविन्द डांगी { मध्यप्रदेश, रतलाम }

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट