Mradhubhashi
Search
Close this search box.

मंकीपॉक्स ने बढ़ाई चिंता, 10 देशों में फैल चुकी है यह बीमारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बुलाएगा आपात बैठक

वॉशिंगटन। पूरी दुनिया लगभग ढाई वर्षों से कोरोना वायरस से जूझ रही है। कई देश अभी भी इसकी जद में बुरी तरह फंसे हुए हैं। चीन के कई हिस्सों में इसके फैलाव को रोकने के लिए कड़े लॉकडाउन लगा दिए गए हैं। इसी बीच दुनिया पर अब मंकी पॉक्स वायरस का खतरा मंडराने लगा है। अमेरिका में बुधवार को मंकी पॉक्स का पहला केस मिलने के बाद अब फ्रांस, स्पेन, स्वीडन, जर्मनी, इटली और ऑस्ट्रेलिया में भी इसके मामले सामने आए हैं। अब तक यह बीमारी कुल 10 देशों में फैल चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन इसे लेकर सतर्क हो गया है।

ब्रिटेन में इसका पहला मरीज 7 मई को मिला था। अब तक ब्रिटेन में मंकी पॉक्स के मरीजों की संख्या 9 पहुंच चुकी है। वहीं, स्पेन में 7 और पुर्तगाल में 5 मरीजों में इसके लक्षण देखे गए हैं। अमेरिका, इटली, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी और आॅस्ट्रेलिया में मंकी पॉक्स के 1-1 मामले सामने आए हैं। साथ ही कनाडा में 13 संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है। लगातार बढ़ते मामले को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन एलर्ट हो गया है। मंकी पॉक्स का वायरस स्मॉल पॉक्स से संबंधित है। हालांकि इसके लक्षण स्मॉल पॉक्स की तुलना में काफी हल्के होते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से इस वायरस के लगातार केस बढ़ रहे हैं।

इसलिए कहते हैं मंकीपॉक्स

मंकीपॉक्स एक वायरल इन्फेक्शन है जो कि आम तौर पर जंगली जानवरों में होता है। लेकिन इसके कुछ केस मध्य और पश्चिमी अफ्रीका के लोगों में भी देखे गए हैं। लेकिन पहली बार इस बीमारी की पहचान 1958 में हुई थी। उस वक्त रिसर्च करने वाले बंदरों में चेचक जैसी बीमारी हुई थी इसीलिए इसे मंकीपॉक्स कहा जाता है।

2017 में नाइजीरिया में दिखा था प्रकोप

पहली बार इंसानों में इसका संक्रमण 1970 में कांगों में एक 9 साल के लड़के को हुआ था। 2017 में नाइजीरिया में मंकी पॉक्स का सबसे बड़ा प्रकोप देखा गया था, जिसके 75% मरीज पुरुष थे। मंकीपॉक्स किसी संक्रमित जानवर के काटने या उसके खून या फिर उसके फर को छूने से हो सकता है। ऐसा माना जाता है कि यह चूहों, चूहों और गिलहरियों द्वारा फैलता है।

ब्रिटेन में मिला प.अफ्रीकी स्ट्रेन

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक मंकी पॉक्स एक विलक्षण बीमारी है, जिसका संक्रमण कई मामलों में गंभीर हो सकता है। इस वायरस की दो स्ट्रेंस, पहली कांगो स्ट्रेन और दूसरी पश्चिम अफ्रीकी स्ट्रेन हैं। कांगो स्ट्रेन की मृत्यु दर 10 फीसदी और पश्चिम अफ्रीकी स्ट्रेन की मृत्यु दर मात्र एक फीसदी है। ब्रिटेन में पश्चिम अफ्रीकी स्ट्रेन की पुष्टि हुई है।

चेचक की वैक्सीन है कारगर

मंकीपॉक्स के अधिकतर मरीज बुखार, शरीर में दर्द, ठंड लगना और थकान जैसे लक्षण का अनुभव करते हैं। अधिक गंभीर बीमारियों वाले लोगों के चेहरे और हाथों पर दाने और घाव हो सकते हैं जो कि शरीर के अन्य भागों में भी फैल सकते हैं। यह आमतौर पर 5 से 20 दिनों के बीच ठीक हो जाता है। अधिकतर लोगों को इसके लिए हॉस्पिटल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती है। कई शोधों के मुताबिक चेचक की वैक्सीन मंकी पॉक्स पर 85% तक कारगर होती है।

भारत में अधिक खतरा नहीं

अब तक भारत में मंकी पॉक्स का एक भी संदिग्ध मरीज नहीं पाया गया है। इसलिए फिलहाल हमें इसका अधिक खतरा नहीं है। लेकिन फिर भी सरकार इसे अनदेखा नहीं कर रही है। अफ्रीका के बाहर यह बीमारी पहली बार इतनी बड़ी संख्या में रिपोर्ट की जा रही है। इसलिए भारत सहित दुनिया भर के स्वास्थ्य अधिकारी इसके मामलों पर नजर रख रहे हैं।

कुछ देशों में मंकीपॉक्स के मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और आईसीएमआर को स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हवाईअड्डे और बंदरगाह के स्वास्थ्य अधिकारियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि मंकीपॉक्स प्रभावित देशों की यात्रा के इतिहास वाले किसी भी बीमार यात्री को अलग कर दिया जाए और नमूने जांच के लिए पुणे में नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ वायरोलॉजी की बीएसएल4 सुविधा को भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुवार को राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और आईसीएमआर को भारत में स्थिति पर कड़ी नजर रखने और निगरानी करने का निर्देश दिया।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट