Mradhubhashi
Search
Close this search box.

पुरुष-महिला हॉकी टीम ने विश्व रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भारतीय पुरुष-महिला हॉकी टीमों ने विश्व रैंकिग में लंबी छलांग लगाई है। विश्व रैंकिग में पुरुष टीम तीसरे, तो महिला टीम आठवें स्थान पर पहुंची है। खेलों के महाकुंभ में पुरुष टीम ने जहां कांस्य पदक हासिल किया, तो वहीं महिला टीम पदक से चूक गई। टीम चौथे स्थान पर रही। दरअसल, महिला टीम को प्ले-ऑफ में ब्रिटेन से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि भारतीय पुरुष टीम ने ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीतकर 41 साल के पदक सूखे को समाप्त किया।

वह स्वर्ण पदक विजेता बेल्जियम और रजत पदक हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम से पीछे है। पुरुष टीम एफआईएच हॉकी प्रो-लीग के दूसरे चरण के पहले तीन राउंड में शानदार प्रदर्शन के बूते पिछले साल मार्च में चौथे स्थान पर थी। वहीं महिला टीम की इससे पहले सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर थी। महिला टीम 2018 में लंदन में विश्व कप में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। तभी उसने यह स्थान हासिल की थी। इससे टीम शीर्ष रैंकिंग की एशियाई टीम बनी थी और उसने जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था।

अब पीछे मुड़कर नहीं देखना

भारतीय पुरुष टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि यह उस खेल के प्रति हम सभी की कड़ी मेहनत और समर्पण का नतीजा है। हॉकी ने हमें सबकुछ दिया है। उन्होंने कहा कि रैंकिंग और 41 साल बाद ओलंपिक पदक से भारतीय हॉकी के बढ़ने की शुरुआत हुई है। अब पीछे मुड़कर नहीं देखना, हमने अपने लिए मानदंड स्थापित कर दिया है और हम इससे आगे बढ़ना ही चाहेंगे।

हमें शानदार प्रदर्शन पर गर्व है

महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि हम पोडियम पर पहुंचने के बहुत करीब थे। यह टीम को काफी दुख दे रहा है कि हम ऐसा नहीं कर पाए। हालांकि अच्छी चीज है कि हमने हाल के वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है और मुझे इस पर गर्व है। रानी ने कहा कि ओलंपिक में शीर्ष चार में रहना और विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंचना हमारे लिए बहुत बड़ी चीज है, जिससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है और इससे हमें आगे बढ़ने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी।

हम तिरंगे के लिए खेलते हैं : रानी रामपाल

भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड वंदना कटारिया और उनके परिवार के साथ जातिगत द्वेष को लेकर कप्तान रानी रामपाल भड़क उठीं। रानी ने कहा कि हम भारत और तिरंगे के लिए खेलते हैं। रानी ने कहा कि हम सभी देश के अलग-अलग हिस्सों, अलग-अलग जातियों से आते हैं। इनमें कुछ हिंदू, मुस्लिम, सिख हैं, लेकिन यहां हम केवल भारत और तिरंगे का प्रतिनिधित्व करते हैं। दरअसल, अर्जेंटीना से सेमीफाइनल मुकाबला हारने के बाद कुछ लोगों ने वंदना और उनके परिवार के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट