Mradhubhashi
Search
Close this search box.

Makar Sankranti 2021: इस कारण से है मकर संक्रांति पर तिल का बड़ा महत्व

Makar Sankranti 2021: हिन्दुओं के प्रमुख त्योहारों में से एक मकर संक्रांति का त्यौहार है। पौराणिक शास्त्रों के अनुसार सूर्य के गोचर को संक्रांति कहा जाता है। सूर्य के उत्तरायण होने पर सूर्यदेव का तेज बढ़ने लगता है और मौसम में धीरे-धीरे गर्माहट होने लगती है। मौसम में परिवर्तन की शुरूआत इस दिन से होती है।

मकर संक्रांति पर है तिल के दान का महत्व

मकर संक्रांति के दिन तिल का काफी महत्व है। इस दिन श्रद्धालु तिल का दान करते हैं, सेवन करते हैं और तिल के उपयोग से पुण्यकारी कार्यों को संपन्न करते हैं। मान्यता है कि इस दिन तिल के दान और सेवन करने से सूर्यपुत्र शनिदेव की कृपा दृष्टि प्राप्त होती है और शनि संबंधी दोषों का निवारण होता है। वैसे तो शनिदेव और सू्र्यनारायण के संबंधों में तनाव रहता है, लेकिन पुत्र शनि पिता सूर्य का सम्मान भी करते हैं। इसलिए तिल और संक्राति का एकदूसरे से घनिष्ठ रिश्ता है।

सूर्यनारायण ने दिया था शनिदेव का श्राप

मकर संक्रांति पर तिल से जुड़ी एक कथा धर्मशास्त्रों में प्रचलित है। मान्यता है की शनि देव को उनके पिता सूर्य देव पसंद नहीं करते थे। इसलिए सूर्य देव ने शनि देव और उनकी मां छाया को अपने से अलग कर दिया था। इस बात से क्रोधित होकर शनि और उनकी मां ने सूर्य देव को कुष्ठ रोगी होने का श्राप दे दिया था। सूर्यदेव को तकलीफ में देखकर उनकी दूसरी पत्नी संज्ञा के पुत्र यमराज ने तपस्या की उनको कुष्ठ रोग से मुक्त किया।

पिता सूर्य की तिल से की थी पूजा

तब सूर्यदेव ने क्रोधित होकर शनि देव और उनकी माता के घर ‘कुंभ’, जो शनि प्रधान राशि है, को जला दिया। इस कारण से माता छाया और पुत्र शनि दोनों को बहुत कष्ट हुआ। यमराज ने जब अपनी सौतेली माता और भाई शनि को तकलिफों में देखा तो उनके कल्याण के लिए पिता सूर्य से प्रार्थना की। यमराज के मनुहार करने पर सूर्य देव शनि से मिलने उनके घर पहुंचे। शनि के घर कुंभ में आग लगने के बाद वहां काले तिल के अलावा सब कुछ जल गया था। इसलिए शनि देव ने अपने घर पर पधारे पिता सूर्य देव की पूजा काले तिल से की। इसके बाद सूर्य देव ने शनि को उनका दूसरा घर ‘मकर’ ( राशि) को दिया।


शनि देव को तिल के कारण पिता, घर और सुख की प्राप्ति हुई, इसलिए तभी से मकर संक्रांति पर सूर्य देव की पूजा के साथ तिल का बड़ा महत्व माना गया है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट