उज्जैन। भगवान भोलेनाथ को सब प्रिय है। यहां तक कि अपने भक्तों के कल्याण के लिए उन्होंने हलाहल विष को भी पान कर लिया,जिसे किसी देवी देवता ने नहीं स्वीकारा उसे भगवान भोलेनाथ ने अपनाया फिर चाहे धतूरा हो, आंकड़े के फूल हों, बिल्व पत्र हों या फिर भांग। जिस वस्तु का सभी देवी देवता ने तिरस्कार किया उसे भगवान भोलेनाथ ने स्वीकार किया। पर अब भगवान महाकाल को एक भक्त द्वारा श्रद्धा पूर्वक अर्पित की गई सब्जियों को लेकर उज्जैन में बवाल मच गया है और संबंधित पुजारी और भक्त पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
दरअसल सोमवार को एक भक्त द्वारा भगवान महाकाल को श्रद्धापूर्वक सब्जियां अर्पित करने के लिए दी गईं। पुजारी ने भी भक्त की श्रद्धा से सरोकार रखते हुए सारी सब्जियां भगवान महाकाल के गर्भगृह में रखे पाटले पर रख भगवान को भोग लगा दिया। भोग में लगाई गई सब्जियों में आलू, टमाटर, बैंगन, पालक आदि थी। अब इसी को लेकर बवाल मचाया जा रहा है और भगवान महाकाल की पूजा पंरपरा की दुहाई दी जा रही है और कलेक्टर के भी संज्ञान में मामला लाया गया है। कलेक्टर के मुताबिक महाकाल मंदिर की एक निर्धारित पूजन पद्धति है। उसी के अनुसार पूजन होना चाहिये,पर अगर कहीं पूजन परम्परा का उल्लंघन हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुजारी को नोटिस जारी किया जा रहा है।