Mradhubhashi
Search
Close this search box.

राममंदिर आंदोलन के बड़े चेहरे कल्याण सिंह का आज अलीगढ़ में होगा अंतिम संस्कार

लखनऊ। राममंदिर आंदोलन के बड़े चेहरे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के बाद रविवार को उन्हें श्रद्घांजलि देने का सिलसिला जारी रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद उनके अंतिम दर्शन करने के लिए दिल्ली से लखनऊ पहुंचे और फिर वापस लौट गए। अलग-अलग दलों के नेताओं ने लखनऊ स्थित उनके घर जाकर अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्घांजलि दी। उनके पार्थिव शरीर को उनके आवास से पहले भाजपा कार्यालय ले जाया गया और फिर विधान भवन में रखा गया जहां पर एक के बाद एक राजनेताओं ने उनके अंतिम दर्शन किए। भाजपा कार्यालय में ही कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को तिरंगे के साथ ही भाजपा के झंडे से भी लपेटा गया।

दरअसल, उनकी इच्छा थी कि निधन के बाद उनके शरीर को भाजपा के झंडे से लपेटा जाए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उनकी अंतिम इच्छा को सम्मान देते हुए कार्य पूरा किया। अलीगढ़ में सोमवार शाम को राजकीय सम्मान के साथ कल्याण सिंह की पार्थिव देह की अंत्येष्टि की जाएगी।

स्टेडियम में उमड़ी भीड़

सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में भाजपा कार्यालय से कल्याण सिंह की पार्थिव देह को लेकर अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। वहां पर राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। यहां से पार्थिव देह एयर एंबुलेंस से शाम पांच बजे के करीब अलीगढ़ के धनीपुर मिनी एयरपोर्ट पर पहुंची। एयर एंबुलेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। पार्थिव देह को अलीगढ़ के अहिल्याबाई होलर स्टेडियम लाया गया। यहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट