Mradhubhashi
Search
Close this search box.

इंदौर में फूंका गया कंगना रनौत का पुतला, संगठन ने की मांग अभिनेत्री से वापस लिया जाए अवार्ड

इंदौर। अभिनेत्री कंगना रनावत का स्वतंत्रता पर दिए विवादित बयान पर पूरे देश में विरोध हो रहा है। कुछ ऐसा ही इंदौर में भी देखने को मिला। यहां स्वतंत्रता सेनानी संगठन द्वारा पुतला दहन कर कमिश्नर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने मांग की है कि अभिनेत्री से अवार्ड वापस लिया जाए।

पद्मश्री का सम्मान मिलने के बाद एक टॉक शो के दौरान कंगना ने 1947 में मिली आजादी को भीख में मिली और असली आजादी 2014 के बाद मिलना बताया। इसके बाद से ही उनके बयान को लेकर बवाल मचा हुआ है। इंदौर में तो अब स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कंगना रनौत के खिलाफ सड़कों पर उतर गए हैं। इंदौर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन ने कंगना का पुतला दहन किया।

पुतला दहन करने के बाद सभी संभागायुक्त कार्यालय पर पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर कंगना रनौत को दिए गए पद्मश्री सम्मान सहित अन्य राष्ट्रीय अवार्ड वापस लेने की मांग की। साथ ही कंगना रनौत को फांसी दिए जाने की मांग भी की।

विरोध प्रदर्शन कर रहे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजय सितलानी ने कहा कि कंगना रनौत ने देश की स्वतंत्रता को लेकर जो टिप्पणी की है वह निंदनीय है। जबकि हमारे देश को आजाद कराने के लिए कई महापुरुषों ने अपना बलिदान दिया है और देश की माटी के लिए अपना खून बहाया है। यह उन सभी शहीदों का अपमान है।

वहीं अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मदन परमालिया ने इसे देशद्रोह की संज्ञा देते हुए कहा कि अभिनेत्री को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि ये देश, स्वाधीनता संग्राम सेनानी, शहीदों, वीरों का अपमान है।  

परमालिया ने आगे कहा कि अभिनेत्री एक संकीर्ण सोच को आगे बढ़ा कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और हजारों सेनानियों के संघर्ष का अपमान कर रही है। उनका संगठन सरकार से मांग कर रहा है कि कंगना को दी गयी पद्मश्री वापस ली जाए अन्यथा देश भर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी आंदोलन करेंगे।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट