चंडीगढ़। पंजाब के तलवंडी साबो से आम आदमी पार्टी की विधायक प्रोफेसर बलजिंदर कौर घरेलू हिंसा की शिकार हुई है। उन्हें उनके पति सुखराज बल ने थप्पड़ मारा है। यह मामला जुलाई महीने का है। हालांकि, इसकी CCTV रिकॉर्डिंग अब सामने आई है।
विधायक बलजिंदर कौर और उनके पति सुखराज बल ने इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक, पति से विवाद के बाद बलजिंदर ससुराल छोड़ मायके रहने चली गई हैं। वीडियो में बलजिंदर और उनके पति सुखराज को बहस करते देखा जा सकता है। वीडियो में सुखराज अचानक विधायक पत्नी को थप्पड़ मारते हैं। बलजिंदर और सुखराज के पास कुछ लोग खड़े हैं, जो रोकने की कोशिश करते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि सुखराज को वहां से हटाने के लिए कुछ लोग धक्का तक देते हैं।
पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने कहा कि विधायक का घरेलू हिंसा का शिकार होना दुखद है। अभी तक यह मामला उनके घर की चारदीवारी में था। अब इसका वीडियो पब्लिक प्लेटफार्म पर आ गया है।
इसलिए आयोग इसका नोटिस लेकर कार्रवाई करेगा। पंजाब की महिला विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इस बारे में विधायक बलजिंदर कौर ने कोई शिकायत नहीं की है। वह पार्टी से जुड़ी हुई हैं। इसलिए इस मामले में CM भगवंत मान से कार्रवाई की मांग की जाएगी।