Mradhubhashi
Search
Close this search box.

देश की कृषि उपज को बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी

इंदौर। आज पूरे विश्व में कृषि के क्षेत्र में भारत दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश हैै। किसानों द्वारा लगातार खेतों में फसल उत्पादन में रासायनिक खाद का उपयोग किया जाता है जिससे जमीन में पोषक तत्वों की कमी होने लगती है और फसल की गुणवत्ता प्रभावित होती है। यदि देश के किसानों को खेती करने से सही तरीके, अपने खेत के लिए सही फसलों के चयन तथा खाद और कीटनाशकों के उचित प्रयोग के बारे में जानकारी दी जाए तो हम पूरे विश्व में खाद्यान्न को निर्यात करने वाले सबसे प्रमुख देश के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं। इससे ना सिर्फ किसानों की आय में वृद्धि होगी बल्कि देश की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। इसी उद्देश्य को लेकर फार्मटेक एशिया की अंतरराष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी कृषि महाविद्यालय में आयोजित की जा रही हैं। चार दिनी आयोजन का शुभारंभ मध्यप्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मंत्री, कमल पटेल ने किया।

16 राज्यों के किसान ले रहे भाग

देश के 16 से अधिक राज्यों से 70,000 से अधिक किसान प्रदर्शनी में भाग ले रहे हैं। इसमें कृषि प्रगतिशील किसान, डेयरी और पशुधन प्रगतिशील किसान, व्यापारी, विक्रेता, वितरक, सरकारी अधिकारी, संघ प्रमुख, किसानो के कल्याण संगठन और फाउंडेशन भी हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी के दौरान कृषि प्रसंस्करण, डेयरी प्रसंस्करण, किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने के ऊपर और जैविक खेती पर तकनीकी सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसानों को अपनी आय बढ़ाने में मदद मिल सकें। प्रदर्शनी में किसानो के लिये प्रवेश नि:शुल्क है।

किसानों को दी नि:शुल्क किट

इस प्रदर्शनी में भाग लेने वाले किसानों को सीसीएफआई की ओर से नि:शुल्क किट दी गई। सीसीएफआई के सीनियर एडवाइजर हरीश मेहता ने बताया हम फार्मटेक एशिया के साथ मिलकर देश भर के किसानों में जागरूकता लाने और उन्हें खेती की नई तकनीकों के बारे में जानकारी देने का काम करते हैं। हम साल भर किसानों के संपर्क में रहते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं। सीसीएफआई की एक्सिक्यूटिव डायरेक्टर निर्मला पथरावल कहती हैं कि हमारा उद्देश्य देश की कृषि उपज को बढ़ाना है इसलिए हम पूरे देश के अलग-अलग गांवों, कस्बों और जिलों में जाकर जागरूकता कार्यक्रम करते हैं। जो किसान साल भर हमारे साथ जुड़कर किट का उपयोग करते हैं, उन्हें हम साल के अंत में पुरस्कार भी देते हैं।

खाद ड्रोन टेक्नोलॉजी का लाइव डेमो

फार्मटेक एशिया प्रदर्शनी का आयोजन 2,00,000 वर्ग फुट से अधिक जगह में किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में 200 से ज्यादा कंपनियां भाग ले रही है, जिसमें कृषि और बागवानी मशीनरी, ग्रीनहाउस और पॉलीहाउस प्रौद्योगिकी, ट्रैक्टर निमार्ता, टायर निमार्ता, पाइप्स और पंप्स निमार्ता, सिंचाई और जलसंचयन, डेयरी मशीनरी, पशु आहार, खाद, बीज कीटनाशकों के उत्पादकों अपनी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनी में पोंड लाइनर, ट्रेक्टर, कृषि एवं बागवानी यंत्र बीज, खाद एवं जैविक खाद ड्रोन टेक्नोलॉजी का जीवंत प्रदर्शन भी किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट