Mradhubhashi
Search
Close this search box.

Happy Dussehra 2021: संघ ने 22 स्थानों से निकाले पथ संचलन, थानों को फूलों से सजाया

इंदौर। पिछले दो सालों कोरोना संक्रमण के कारण त्योहारों को अपने घर में ही मनाने के बाद इस वर्ष लोगों दोगुने उत्साह के साथ त्योहारों का आनंद ले रहे हैं। शहर में दशहरे की धूम सुबह से ही देखने को मिल रही है और जगह-जगह विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। दशहरे के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुक्रवार को 22 स्थानों से पथ संचलन निकाले। कोरोना की गाइडलाइन को देखते हुए इस बार बड़े स्तर पर पथ संचलन निकालने के बजाय बस्ती और शाखा स्तर पर पथ संचलन निकालने का फैसला लिया गया था।

संघ का है स्थापना दिवस

शुक्रवार सुबह अलग-अलग स्थानों से स्वयंसेवक कदमताल करते हुए निकले तो देश भक्ति का माहौल सड़कों पर नजर आया। जयघोष के साथ अनुशासित ढंग से चल रहे स्वयंसेवकों का कई लोगों ने स्वागत भी किया। रविवार को भी 270 स्थानों से पथ संचलन निकलेंगे, जिसमें हजारों स्वयंसेवक शामिल होंगे। ज्ञातव्य है कि दशहरे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस है और प्रतिवर्ष संघ देशभर में विशाल पथ संचलन निकालता है। नागपुर स्थित मुख्यालय पर भी विशाल आयोजन किया गया। इंदौर के सुदर्शन नगर में दशहरे के अवसर पर भगवान राम का विजय जुलूस निकाला गया। इसमें क्षेत्र के रहवासियों ने उत्साह के साथ किया। इस दौरान महिलाओं ने शस्त्रकला का प्रदर्शन भी किया। इसके अलावा शहर में विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं।

दशहरा पर डीआरपी लाइन में किया शस्त्र पूजन

इंदौर। दशहरा पर्व पर डीआरपी लाइन में शुक्रवार सुबह शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। आईजी के साथ डीआईजी और अन्य अधिकारी मौजूद थे। पूजन के बाद आईजी, एसपी और मुख्यालय एएसपी ने हवाई फायर किए। विजयादशमी पर शहर के सभी थानों में शस्त्र पूजन का कार्यक्रम रखा गया था। यहां कुछ थानों को हार फूल से सजाया गया था। आईजी हरीनारायण चारी मिश्र, डीआईजी मनीष कपूरिया, एसपी महेशचंद जैन, मुख्यालय एएसपी मनीषा पाठक सोनी सहित अन्य अधिकारी डीआरपी लाइन में होने वाले शस्त्र पूजन के कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां पुलिस लाइन को गुब्बारों ओर फूलों से सजाया गया था। वहीं सभी शस्त्रों को सफाई के साथ कतारबद्व रखा गया था। पूजन के बाद यहां अधिकारियों ने हर्ष फायर किए। डीआरपी लाइन में पूजन करने के साथ वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने जोन ओर सर्कल के थानों में पूजन करवाने के लिए निकल गए। यहां सभी थानों में भी विशेष पाठ पूजा के साथ विशेष साज सज्जा की गई थी। साथ ही एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां भी दी गईं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट