जोधपुर। जोधपुर के कीर्ति नगर इलाके में शनिवार को गैस सिलेंडर में विस्फोट से 4 लोग जिंदा जल गए वहीं 16 झुलस गए। धमाके से करीब एक किलोमीटर का इलाका दहल उठा। घायलों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
इसमें 8 की स्थिति गंभीर हैं। ये 80 फीसदी तक झुलसे हैं। कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे कीर्ति नगर में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग के दौरान गैस लीक हुई। इसमें बाद धमाका हुआ और आग लग गई। आस-पास खड़ी गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं।
कीर्ति नगर में कोजाराम लोहार का मकान है। कोजाराम के चार भाइयों का परिवार इसी मकान में रहता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कोजाराम का बेटा गैस रिफिलिंग का काम करता है।
हादसे के बाद मकान से करीब चार दर्जन घरेलू व कॉमर्शियल सिलेंडर बाहर निकाले गए। बताया जा रहा है कि यह मकान लोगों के घर सिलेंडर पहुंचाने वाले किसी हॉकर का है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस हादसे में मकान का एक हिस्सा भी ढह गया।