Mradhubhashi
Search
Close this search box.

पूर्व मंत्री लक्ष्मीकान्त शर्मा का निधन, कोरोना से थे पीड़ित

भोपाल। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकान्त शर्मा का सोमवार रात भोपाल में निधन हो गया। वे कोरोना से पीड़ित थे। 12 मई को उन्हें चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संक्रमण बढ़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा था। डॉक्टर उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास कर रहे थे। सोमवार शाम उनकी तबियत में तेज़ी से गिरावट हुई और रात को उन्होंने अंतिम सांस ली।

सिरोंज में हुआ था जन्म

24 जनवरी 1961 को विदिशा जिले के सिरोंज में जन्मे लक्ष्मीकान्त शर्मा 1993 में पहली बार इसी विधानसभा सीट से भाजपा की टिकट पर विधायक बने थे। इसके बाद चुनाव की राजनीति में उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सिरोंज सीट का लगातार चार बार उन्होंने प्रतिनिधित्व और इस क्षेत्र का भरपूर विकास किया। लक्ष्मीकान्त शर्मा की गिनती बेहद सहज, सरल और हरेक की मदद करने वाले राजनेताओें वाली रही पहली बार उमा भारती मंत्रिमंडल में उन्हें बतौर राज्यमंत्री शामिल किया गया। वे बाबूलाल गौर, और बाद में शिवराज मंत्रिमंडल में भी लगातार शामिल रहे।

कई विभागों के रहे थे मंत्री

मंत्री की हैसियत से मिले हरेक विभाग में उन्होंने अनेक नवाचार किये। जनसंपर्क मंत्री रहते विभाग में इस तरह के फैसले लिये जो मीडिया वालों के लिये मील का पत्थर माने गये। बहुचर्चित व्यापमं कांड में नाम आने के बाद मुश्किल दौर शुरू हुआ और उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा देना पड़ा इस मामले में उन्हें जेल भी हुई। तमाम विवाद और आरोपों के बावजूद निकट से जानने वालों की सहानुभूति शर्मा के साथ बनी रही। इस कांड के बाद शर्मा ने स्वयं को सीमित कर सार्वजनिक जीवन से लगभग किनारा कर लिया था। अंतिम वक्त में उनके आर्थिक रूप से तंगहाल होने संबंधी सूचनाएं भी सुनने में आई थी। उनके निधन के समाचार से चाहने वाले स्तब्ध रह गये.। सभी ने विस्मय के साथ गहरा अफ़सोस जताया।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट