असंतुष्ट और नाराज नेताओं ने बढ़ाई भाजपा की चिंता - Mradubhashi - MP News, MP News in Hindi, Top News, Latest News, Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest News in Hindi
//

असंतुष्ट और नाराज नेताओं ने बढ़ाई भाजपा की चिंता

असंतुष्ट और नाराज नेताओं ने बढ़ाई भाजपा की चिंता

नाराज नेताओं पर बोले विजयवर्गीय – कांग्रेस में दम नहीं कि भाजपा को हरा दे लेकिन भाजपा को सुधारना होगी अपनी गलतियां

नाराज नेताओं ने बढ़ाई चिंता ,विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों ही प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस जोड़तोड़ में लगे हुए हैं। भाजपा जहां नए लोगों को जोड़ने का काम कर रही है, वहीं कांग्रेस भाजपा के नाराज और असंतुष्ट नेताओं को साधने में जुटी है। इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि संगठन यानी कि भाजपा ने अपनी गलतियां ठीक नहीं की तो भाजपा ही भाजपा को हरा सकती है।

विजयवर्गीय ने कहा कि आज की तारीख में मध्य प्रदेश में भाजपा को कांग्रेस नहीं हरा सकती। कांग्रेस में दम ही नहीं है कि वह भाजपा को हरा दे। हां, हमने संगठन की गलतियों को ठीक नहीं किया तो भाजपा ही भाजपा को हरा सकती है। यह बात ठीक है कि हममें कुछ कमियां है, जिनको हम ठीक कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस इन दिनों भाजपा से नाराज चल रहे नेताओं से संपर्क साधने में जुटी हुई है। इसे लेकर विजयवर्गीय का उक्त बयान सामने आया है। कांग्रेस से ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ 2018 में चुनाव जीते कई विधायक भाजपा में शामिल हुए। इसमें से अधिकांश प्रदेश सराकर में मंत्री हैं। ऐसे में उस क्षेत्र के पुराने भाजपा नेता अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्हीं से कांग्रेस संपर्क साध रही है, यह भाजपा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।


कांग्रेस को जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश

कांग्रेस को उन क्षेत्रों में भाजपा को टक्कर देने वाले जिताऊ उम्मीदवार की तलाश है जहां उसके खेमे के नेताओं ने पाला बदला है। इसके लिए इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह दोनों लगातार प्रदेश में दौरे कर रहे हैं। वह, कांग्रेस की हारी सीटों के अलावा इन सीटों पर उम्मीदवार की तलाश कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इसके लिए पार्टी भाजपा के जनाधार वाले नाराज नेताओं को साधने की कोशिश कर रही है। जिनको टिकट देकर नई भाजपा को टक्कर देने की रणनीति बनाई गई है।

लगातार बढ़ रही नाराज नेताओं की संख्या

भाजपा में असंतुष्ट नेताओं की संख्या में बढ़ोतरी होती जा रही है। इसी कड़ी में बदनावर से चुनाव लड़ने वाले भंवर सिंह शेखावत, ग्वालियर से अनूप मिश्रा ने नाराजगी के संकेत दिए हैं। जानकरों का कहना है कि आने वाले समय में भाजपा में असंतुष्ट नेताओं की संख्या बढ़ेगी। जानकारों का कहना है कि सिंधिया के दलबदल के कारण उनके कई समर्थकों ने उन्ही की वजह से भाजपा का दामन थामा है। इन्हें तवज्जो दिए जाने से भाजपा के सक्रिय नेता-कार्यकर्ता खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। दरअसल, जिनका पहले वे विरोध कर रहे थे, अब उनका ही समर्थन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई नेता-कार्यकर्ता इससे नाराज हैं। पार्टी के बड़े नेता इन खतरों को भांप रहे हैं और इसका ठोस हल निकालने में जुटे हुए हैं।