///

दिग्विजय सिंह ने कृषि बिल को बताया एमएसपी खत्म करने की साजिश

कृषि बिल पर चुप्पी को लेकर भारतीय किसान संघ पर निशाना साधा।

इंदौर। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह किसानों के भारत बंद को सफल बनाने के लिए मंगलवार को इंदौर की छावनी अनाज मंडी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग किसान और हम्माल संगठनों से जुड़े लोगों से बात की। उन्होंने कृषि बिल को लेकर किसानों से चर्चा की और इसे किसान विरोधी बताया।

केंद्र सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का लगाया आरोप

केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ किसानों के एक दर्जन से ज्यादा संगठनों ने मंगलवार को एक दिन का भारत बंद बुलाया था। इसे कांग्रेस ने भी समर्थन दिया। इसी सिलसिले में

मंगलवार को दिग्विजय सिंह इंदौर की छावनी अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों के अलावा किसानों से बात की। उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि किसान कानून के जरिए केंद्र की मोदी सरकार कंट्रोल की दुकानें और एमएसपी खत्म करने की साजिश कर रही है। ताकि बड़े कॉरपोरेट घराने किसानों का शोषण कर सकें। सरकार को यह कानून फौरन वापस लेना चाहिए।

भारतीय किसान संघ पर उठाए सवाल

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरएसएस से जुड़े भारतीय किसान संघ पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे पर आज इस संगठन ने चुप्पी साधी हुई है जोकि गलत है।

अगर वह किसान हितैषी हैं, तो उन्हें हमारे साथ सड़कों पर उतरना चाहिए। आज मंडी में गेहूं 1400 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा है,जबकि सरकार को इसे 2 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदना चाहिए। चना और सोयाबीन के भी उचित दाम नहीं मिल रहे हैं।