Mradhubhashi
Search
Close this search box.

कांग्रेस का आज से प्रदेश भर में शुरू हुआ ‘घर चलो घर-घर चलो’ अभियान

भोपाल।  भाजपा की बूथ विस्तारक योजना को टक्कर देने के लिए कांग्रेस भी मैदान में उतर गई है। आज से कांग्रेस ने घर चलो घर-घर चलो अभियान की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ ने देवास से तो राजधानी भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के नेतृत्व में इस अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन राजधानी के रोशनपुरा क्षेत्र में कांग्रेस के पदाधिकारियों ने घर घर जाकर लोगों को प्रदेश में सरकार रहते जनता के हित में लिए गए निर्णय और भाजपा की नाकामी को उजागर करने का काम किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आव्हान पर यह अभियान की शुरुआत पूरे प्रदेश में हुई है। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, नीतियां और कमलनाथ सरकार के दौरान किए गए कार्यों को मप्र के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित कर कांग्रेसी आज से मैदान में उतर गए हैं। स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज देवास से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कांग्रेस का सदस्यता अभियान भी इसी अभियान के साथ चलेगा। जनता को कांग्रेस के कार्यों से अवगत कराने के लिए पम्पलेट बांटकर बीजेपी सरकार की नाकामियों को जनता को बताया जा रहा है।

आज से शुरू हुआ कांग्रेस का यह अभियान 28 फरवरी तक चलेगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में लिए गए निर्णय की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी और भाजपा की जन विरोधी नीतियों को उजागर करने इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस आम लोगों से संवाद करेंगी। पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेसी प्रतिदिन जनता की समस्याओं को सुनेंगे और सदन से सड़क तक उनके मुद्दों को उठाएंगे।

घर चलो, घर-घर चलो अभियान के दौरान सभी कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी का झंडा और गांधी टोपी लगाकर 28 फरवरी तक प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में जनता के बीच जाएंगे। अभियान के दौरान सदस्यता अभियान पर जोर दिया जाएगा। गांवों में जाकर कांग्रेस सदस्यों के घर पर कांग्रेस के स्टीकर लगाए जाएंगे।

मृदुभाषी के लिए भोपाल से मोहम्मद ताहिर खान की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट