इंदौर। रसोई गैस एवं पेट्रोल डीजल की मूल्य वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इन्होंने हाथ ठेले पर रसोई गैस की टंकियां रखकर और मोदी-शिवराज का मुखौटा लगाकर विरोध जताया।
पीएम मोदी और सीएम शिवराज सिंह का किया विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर अध्यक्ष कांग्रेस विनय बाकलीवाल के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया। भाजपा की केंन्द्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में शुक्रवार सुबह छत्रीबाग से छत्रीपुरा, तक हाथ ठेलागाड़ी पर रसोई गैस की टंकियां रखकर पीएम नरेन्द्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान का मुखौटा लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद राजमोहल्ला चौराहे पर हस्ताक्षर अभियान चलाया।
सरकार लगाए महंगाई पर लगाम
इस मौके पर शहर अध्यक्ष कांग्रेस विनय बाकलीवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अदूरदर्शी नीतियों की वजह से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है और महंगाई रोजाना बढ़ती जा रही है यदि कीमतों पर लगाम नहीं लगाई गई तो आगे उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।