Mradhubhashi
Search
Close this search box.

गौरव रन यात्रा में इंदौरियों के साथ दौड़े कलेक्टर

गौरव रन यात्रा में इंदौरियों के साथ दौड़े कलेक्टर

आज नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य कार्यक्रम, मुख्यमंत्री करेंगे संबोधित

इंदौर। इंदौर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिला प्रशासन, नगर निगम और एकेडमी आॅफ इंदौर मैराथनर्स ने संयुक्त रूप से गौरव रन यात्रा निकाली। यह यात्रा बीआरटीएस के बीच से निकाली गई। सुबह 7 बजे यह गौरव यात्रा शुरू हुई जो शिवाजी प्रतिमा, मेडिकल कॉलेज, गीता भ‌वन, पलासिया होते हुए फिर से नेहरू स्टेडियम पहुंची। गौरव रन आयोजन नि:शुल्क था जिसमें प्रतिभागियों को टी शर्ट व कैप वितरित की गई।

गौरव रन यात्रा पूरी होने के बाद कलेक्टर ने कहा कि इंदौरवासियों को अच्छी सेहत के लिए दौड़ लगानी चाहिए। उन्होंने कहा मुख्य कार्यक्रम 31 मई को नेहरू स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शहर में अच्छा काम करने वाले व्यक्तियों, समाजसेवियों और संस्थाओं का सम्मान करेंगे।

कलेक्टर का तालियों से हुआ स्वागत

इंदौर गौरव रन के लिए सुबह 6.30 बजे ही कलेक्टर नेहरु स्टेडियम पहुंच गए थे। उनके साथ एकेडमी आॅफ इंदौर मैराथन (एआईएम) के अध्यक्ष डॉ. अरुण अग्रवाल सहित अन्य लोग थे। यात्रा में अधिकांश युवा ऐसे भी थे जो रोजाना मॉर्निंग वॉक करते हैंं। इनके साथ जब कलेक्टर ने दौड़ लगाना शुरू की तो वे उत्साहित हो गए। स्टेडियम वापस पहुंचने के दौरान उनके साथ कुछ धावक ही थे। जैसे ही कलेक्टर स्टेडियम पहुंचे तो लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। यह 5 किमी की गौरव रन यात्रा करीब सवा घंटे में पूरी हुई।

गौरव रन यात्रा में इंदौरियों के साथ दौड़े कलेक्टर
गौरव रन यात्रा में इंदौरियों के साथ दौड़े कलेक्टर

एक भी जनप्रतिनिधि नहीं था मौजूद

इस महत्वपूर्ण आयोजन में उनके साथ एक भी जनप्रतिनिधि नहीं था। इस मामले में सांसद शंकर लालवानी का कहना था कि चूंकि रोज सुबह 7 बजे मेरा योग का शेड्यूल रहता है, इसलिए गौरव रन में शामिल नहीं हो पाया। वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव के बारे में पता चला कि वे सोमवार को भोपाल में थे और देर रात लौटने के कारण यात्रा में शामिल नहीं हो पाए। वहीं, निगम कमिश्नर हर्षिता सिंह ने अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए गौरव रन में शामिल नहीं होने की मजबूरी बताई।
मुख्य कार्यक्रम आज, सीएम आएंगे

इंदौर गौरव दिवस पर मुख्य कार्यक्रम बुधवार (31 मई) शाम नेहरू स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान उपस्थित रहेंगे। तैयारियों को लेकर महापौर इंदौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, नगर निगम आयुक्त हर्षिता सिंह ने 30 मई को नेहरू स्टेडियम का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा इंदौर गौरव दिवस पर प्रत्येक नागरिक की सहभागिता हो। कार्यक्रम स्थल में पहुंचने वाले सभी दर्शकों को सम्मानपूर्वक उनके स्थान पर बैठाया जाए। नेहरू स्टेडियम में खानपान की भी व्यवस्था रहेगी ।

आज होंगे रंगारंग कार्यक्रम

गौरव दिवस के तहत नेहरू स्टेडियम में बुधवार को रंगारंग कार्यक्रम होंगे। शाम 6 बजे से म्युजिकल बैण्ड की प्रस्तुति दी जाएगी। 6.30 बजे से कृष्णलीला की प्रस्तुति होगी। शाम 7.05 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचेगे। इस दौरान 50 लोगों के समूह द्वारा डमरू और शंखनाद से शिव महिमा समूह की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 7.20 बजे देवी अहिल्याबाई होलकर प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके बाद इंदौर गौरव सम्मान कार्यक्रम होगा। फिर मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।

लाइट एंड साउंड शो की प्रस्तुति भी

आयोजन के तहत रात 8 बजे रागिनी मक्खर और बाल कलाकारों द्वारा देवी अहिल्याबाई होलकर पर आधारित प्रस्तुति दी जाएगी। रात 8.15 बजे लाइट एण्ड साउंड शो दिखाया जाएगा। इसके बाद गायिका सुनिधि चौहान के गीतों की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट